BREAKING NEWS

जलजमाव ने बढ़ाई मुश्किलें, संक्रमण का खतरा गहराया

जलजमाव ने बढ़ाई मुश्किलें, संक्रमण का खतरा गहराया
भागलपुर जिले के नारायणपुर प्रखंड के बलहा गांव स्थित महादलित टोला में जलजमाव से लोगों की परेशानी बढ़ गई है।

जलजमाव और गंदगी से लगभग 50 परिवार प्रभावित हैं। वार्ड संख्या 3 में वर्षा का पानी सड़कों पर जमा हो गया है, जिससे घरों में भी दुर्गंध फैल रही है और बच्चों के बीमार पड़ने का खतरा बढ़ गया है।

इस बस्ती में कुल 50 महादलित परिवार रहते हैं, जिन्हें मूलभूत सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं। स्थानीय निवासियों ने बताया कि मोहल्ले की मुख्य सड़क पर घुटने तक पानी जमा हो जाता है लव इस गंदगी के कारण पूरे क्षेत्र में भीषण दुर्गंध फैल रही है, जिससे घरों में रहना भी मुश्किल हो गया है। महादलित टोला निवासी गौतम मलिक के अनुसार, यह समस्या हर साल बरसात के मौसम में उत्पन्न होती है।

गंदगी के कारण बच्चे लगातार बीमार पड़ रहे हैं। उन्होंने किसी अप्रिय घटना की आशंका भी व्यक्त की। मलिक ने यह भी बताया कि जल निकासी का कोई उचित साधन नहीं है। यदि कोई विकल्प मौजूद भी है, तो वह निजी भूमि पर होने के कारण समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा है। मोहल्ले के लोगों ने जनप्रतिनिधियों और जिला अधिकारियों से कई बार शिकायत की है, लेकिन उनकी समस्याओं का निराकरण नहीं हुआ है।

Subscribe Now