मोबाइल चोरी की सूचना पर रेलवे स्टेशन में भगदड़, पांच परीक्षार्थी घायल

मोबाइल चोरी की सूचना पर रेलवे स्टेशन में भगदड़, पांच परीक्षार्थी घायल
भागलपुर। भागलपुर रेलवे स्टेशन पर मंगलवार की देर रात उस समय भगदड़ मच गई जब मद्य निषेध सिपाही भर्ती परीक्षा देने पहुंचे परीक्षार्थियों के बीच मोबाइल चोरी की सूचना फैली।

इस सूचना के फैलते ही स्टेशन परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और परीक्षार्थी इधर-उधर भागने लगे। इस दौरान कई छात्र गिर पड़े, जिनमें पांच से अधिक परीक्षार्थी घायल हो गए। उधर सूचना मिलते ही ड्यूटी पर तैनात स्टेशन मास्टर विक्रम सिंह ने सूझबूझ का परिचय देते हुए तत्काल माइकिंग शुरू कराई और छात्रों से शांत रहने की अपील की। उनके प्रयासों से स्थिति को बिगड़ने से रोका जा सका।

घटना की जानकारी मिलते ही आरपीएफ और जीआरपी के जवान एवं अधिकारी मौके पर पहुंच गए। पुलिस बल ने छात्रों को समझाकर भीड़ को नियंत्रित करने का प्रयास किया। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद स्थिति पूरी तरह सामान्य हो सकी। इसके बाद भगदड़ में घायल छात्रों को रेलवे अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया।

उल्लेखनीय है कि बुधवार को आयोजित होने वाली मद्य निषेध सिपाही भर्ती परीक्षा में शामिल होने के लिए विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में परीक्षार्थी मंगलवार रात से ही भागलपुर पहुंचने थे। कई छात्र स्टेशन परिसर में ही आराम कर रहे थे। इसी दौरान किसी छात्र का मोबाइल चोरी होने की चर्चा फैल गई, जिसके बाद अचानक भगदड़ की स्थिति उत्पन्न हो गई।

Subscribe Now