सारण, 26 जून (हि.स.)। छपरा नगर थाना क्षेत्र के मौना हुस्से छपरा नई बस्ती में बीती रात उस समय अचानक अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई, जब धर्मनाथ शाह के एक मकान में भीषण आग लग गई। इस मकान में मंगल कुमार नामक व्यक्ति सपरिवार किराए पर रहते हैं, जो ठेले पर चाट, चौमिन और पुचका बेचने का व्यवसाय कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं।
पड़ोसियों के अनुसार घटना के वक्त मकान की दूसरी मंजिल पर स्थित बांस और फूस से बने अस्थायी शेड में पुचका बनाने का काम चल रहा था। इसी दौरान चालू गैस भट्टी से अचानक आग भड़क उठी। आग की तेज लपटें देख हड़बड़ी और डर के मारे घर के सभी लोग तुरंत बाहर निकल आए। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया, जिससे वहां रखीं तीन कॉफी मशीनें, एक मोबाइल फोन और व्यवसाय से जुड़ा अन्य सारा कच्चा सामान जलकर पूरी तरह बर्बाद हो गया।
स्थानीय मोहल्ले वासियों ने तत्परता और एकजुटता दिखाई। पड़ोसियों ने तुरंत अपने-अपने घरों से पानी लाकर आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया और कई घन्टे प्रयास के बाद आग को पूरी तरह बुझा दिया गया।
आग बुझान के बाद फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने अग्नि पीड़ित घर का जायजा लिया और घटना के संबंध में आवश्यक जानकारियां जुटाईं। फायर ब्रिगेड के कर्मियों ने पीड़ित परिवार के सदस्य को आज स्टेशन बुलाकर आगे की कार्रवाई प्रारंभ करने की बात कही।
छपरा में पुचका बनाते वक्त मकान में लगी आग, लाखों का सामान जलकर राख
Jun 26 2026 6:24AM
2 मिनट का रीड
255787
14





