यज्ञ घुमाने के बहाने बुलाया, दोस्तों ने 5 राउंड फायरिंग कर मारी गोली
सीवान। जिले में भगवानपुर हाट थाना क्षेत्र के कौड़ियां गांव में दोस्ती को शर्मसार कर देने वाली वारदात सामने आई है। गांव में चल रहे यज्ञ में घुमाने के बहाने घर से बुलाकर 22 वर्षीय युवक पर उसके ही दोस्तों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी।
दो गोलियां लगने के बाद भी हमलावर नहीं रुके और बंदूक के बट से सिर पर वार कर उसे लहूलुहान कर फरार हो गए। घायल युवक की पहचान कौड़ियां गांव निवासी रामबाबू तिवारी के 22 वर्षीय पुत्र आदित्य कुमार के रूप में हुई है।
परिजनों के अनुसार गुरुवार रात करीब साढ़े आठ बजे आदित्य घर पर था। तभी उसके कुछ दोस्त उसे यज्ञ घूमने के लिए अपने साथ ले गए। कुछ देर बाद सूचना मिली कि आदित्य को गोली मार दी गई है। जब परिजन घटनास्थल पर पहुंचे तो वह सड़क पर खून से लथपथ पड़ा था।
घायल के पिता ने बताया कि आदित्य ने होश में आने पर बताया कि उसके साथ गए दोस्तों ने ही उस पर पांच राउंड फायरिंग की, जिसमें दो गोलियां उसके बाएं हाथ में लगीं। गोली मारने के बाद आरोपियों ने बंदूक के बट से उसके सिर पर भी वार किया।
स्थानीय लोगों की मदद से उसे पहले भगवानपुर हाट सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से गंभीर स्थिति देखते हुए डॉक्टरों ने सदर अस्पताल रेफर कर दिया।स्थानीय सूत्रों के अनुसार घटना से पहले आदित्य और उसके एक दोस्त के बीच फोन पर किसी बात को लेकर तीखी कहासुनी हुई थी। इसी दौरान उसे गोली मारने की धमकी भी दी गई थी। आरोप है कि उसी धमकी को अंजाम देने के लिए दोस्तों ने यज्ञ में चलने का बहाना बनाया और सुनसान स्थान पर ले जाकर फायरिंग कर दी। वारदात के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक पूरन कुमार झा सदर अस्पताल पहुंचे और घायल से पूरी जानकारी ली। एसपी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला दो दोस्तों के बीच आपसी विवाद और वर्चस्व की लड़ाई का प्रतीत होता है। थाना प्रभारी, महाराजगंज एसडीपीओ और एफएसएल टीम को घटनास्थल पर भेजा गया है। सभी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा कर दोषियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।





