BREAKING NEWS

बिहार: सिवान के बाद पटना में पुलिस मुठभेड़ में अपराधी घायल

बिहार: सिवान के बाद पटना में पुलिस मुठभेड़ में अपराधी घायल
पटना। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी द्वारा अपराधियों के खिलाफ पुलिस को खुली छूट दिए जाने के बाद प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रहा है। इसी कड़ी में, सोमवार को सिवान के बाद राजधानी पटना में भी पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई। इस कार्रवाई में पैर में गोली लगने से एक अपराधी घायल हो गया, जबकि उसके एक अन्य साथी को गिरफ्तार कर लिया गया है।

बताया गया कि 13 मई को अगमकुआं थाना अंतर्गत भागवत नगर चौक के पास मोबाइल स्नैचिंग के दौरान बाइक सवार दो अज्ञात अपराधियों द्वारा एक शिक्षक को गोली मारकर घायल कर दिया गया था। इस घटना की गंभीरता को देखते हुए नगर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) की निगरानी में मामले की जांच के लिए एक टीम का गठन किया गया।

 गठित टीम द्वारा तकनीकी विश्लेषण, सीसीटीवी फुटेज के गहन अवलोकन एवं मानवीय अनुसंधान के आधार पर घटना में संलिप्त अपराधियों की पहचान की गई। इस दौरान सोमवार को पुलिस को सूचना मिली कि शिक्षक शंभू कुमार के साथ लूटपाट और गोलीबारी करने वाला अपराधी संदीप उर्फ बादल ट्रांसपोर्ट नगर के पास हाईवे से लगे गेल सीएनजी पेट्रोल पंप के पास भागवत नगर पहुंचा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने चारों तरफ से घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही संदीप कुमार उर्फ बादल ने पुलिस पर गोली चला दी। 

इसके बाद जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने फायरिंग की। एक गोली बादल के पैर में लगी, और वह घायल हो गया। इस दौरान एक और अपराधी को गिरफ्तार किया गया। घटना के बाद पूरे इलाके को सील कर दिया गया। इसके साथ ही मौके पर एफएसएल की टीम को भी बुलाया गया। पटना के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्तिकेय के शर्मा ने बताया कि घायल अपराधी को सुरक्षित अभिरक्षा में तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। घटना में प्रयुक्त हथियार एवं बाइक बरामद कर ली गई है। पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है। बता दें कि सोमवार को ही सिवान में पुलिस के साथ हुई एक मुठभेड़ में भी एक अपराधी घायल हुआ है।

Subscribe Now