बेंगलुरु। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को कहा कि कोई भी अभियान तब सफल होता है, जब उसके साथ समाज की शक्ति जुड़ जाती है। उन्होंने कहा कि समाज, राजनीति और सरकारों से भी अधिक शक्तिशाली होता है। कोई भी सरकार तभी सफल हो सकती है, जब समाज स्वयं राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाए।
प्रधानमंत्री बेंगलुरु में आर्ट ऑफ लिविंग संस्था की 45वीं वर्षगांठ और गुरुदेव श्रीश्री रविशंकर के 70वें जन्मोत्सव समारोह को संबोधित कर रहे थे। प्रधानमंत्री ने आर्ट ऑफ लिविंग इंटरनेशनल सेंटर में नवनिर्मित ध्यान मंदिर का उद्घाटन कर संस्था की मानसिक स्वास्थ्य, ग्रामीण विकास, प्रकृति संरक्षण तथा सामाजिक परिवर्तन से जुड़ी राष्ट्रव्यापी सेवा पहलों की शुरुआत की।
अपने संबोधन में मोदी ने कहा कि आज की सुबह अलग अनुभूति लेकर आई है। बच्चों के वैदिक मंत्रों से स्वागत, भगवान गणेश के दर्शन, श्रीश्री रविशंकर के 70 वर्ष और आर्ट ऑफ लिविंग के 45 वर्ष जैसे पल उनकी स्मृतियों में हमेशा बने रहेंगे। प्रधानमंत्री ने कहा कि गुरुदेव ने मंच से जो बातें कहीं, लोगों को भले लगा हो कि वह उनकी प्रशंसा कर रहे थे लेकिन उन्हें ऐसा लगा जैसे उन्हें और अधिक काम सौंपा जा रहा हो। उन्होंने कहा, “जब आपका शताब्दी समारोह होगा तब मैं फिर से आऊंगा।”
मोदी ने कहा कि दिव्य और भव्य ध्यान मंदिर का लोकार्पण इस बात का प्रतीक है कि जब संकल्प स्पष्ट हो और सेवाभाव से कार्य किया जाए तो हर प्रयास का सुखद परिणाम मिलता है। उन्होंने कहा, “बाकी कुछ हो या न हो, हम सब लोटस की छत्रछाया में हैं। गुरुदेव का आशीर्वाद है तो लोटस की छत्रछाया ही देश को नई ऊंचाइयों पर ले जाएगी।”
प्रधानमंत्री ने कहा कि बेंगलुरु दुनिया में सॉफ्टवेयर और सेवाओं के लिए जाना जाता है लेकिन इस शहर ने भारत की आध्यात्मिक चेतना और सांस्कृतिक पहचान को भी नई ऊंचाई दी है। उन्होंने कहा कि आज पूरी दुनिया भारत के आध्यात्मिक मूल्यों से प्रभावित हो रही है और इन्हीं प्राचीन परंपराओं से प्रेरित होकर 45 वर्ष पहले श्रीश्री रविशंकर ने आर्ट ऑफ लिविंग का बीज बोया था, जो आज विशाल वटवृक्ष के रूप में लोगों के जीवन को स्पर्श कर रहा है।
उन्होंने कहा कि भारत विविधताओं से भरा देश है, जहां अनेक भाषाएं, परंपराएं, रीति-रिवाज और उपासना पद्धतियां हैं। इन विविधताओं को जोड़ने वाला मूल तत्व “स्वयं के लिए नहीं, बल्कि दूसरों के लिए जीना” है। मोदी ने कहा कि पीढ़ी-दर-पीढ़ी चली आ रही संस्कारों की धारा समाज को प्रेरित करती है और भारत के अनेक आध्यात्मिक आंदोलनों ने मानव सेवा के माध्यम से ही स्वयं को अभिव्यक्त किया है।
मोदी ने स्वच्छ भारत अभियान का उदाहरण देते हुए कहा कि यह अब सरकारी कार्यक्रम न रहकर लोगों के जीवन का स्वाभाविक हिस्सा बन चुका है और समाज की शक्ति से ही आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि जब समाज जुड़ता है, तब देश की सबसे बड़ी चुनौतियों का भी सामूहिक समाधान निकाला जा सकता है।
प्रधानमंत्री ने महिलाओं, जनजातीय समाज, ग्रामीण समुदायों और कैदियों के मानसिक स्वास्थ्य के लिए आर्ट ऑफ लिविंग द्वारा चलाए जा रहे कार्यक्रमों की सराहना की। उन्होंने कहा कि संस्था ने सामाजिक सरोकारों को अपने कार्यक्रमों में विशेष महत्व दिया है। उन्होंने युवाशक्ति पर संस्था के फोकस की भी प्रशंसा की और कहा कि आज विज्ञान तथा प्रौद्योगिकी नई संभावनाओं के द्वार खोल रहे हैं। भारत केवल बदलाव में भागीदारी नहीं कर रहा बल्कि अनेक क्षेत्रों में नेतृत्व भी कर रहा है। भारत की डिजिटल क्रांति ने देश को डिजिटल भुगतान में वैश्विक का नेतृ्तवकर्ता बनाया है, देश दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा स्टार्टअप इकोसिस्टम बन चुका है और भारतीय युवा अंतरिक्ष में अपनी सैटेलाइट भेज रहे हैं।
मोदी ने कहा कि आज तकनीक के जरिए लोग एक पल में दुनिया से जुड़ जाते हैं, लेकिन स्वयं से जुड़ना भी उतना ही जरूरी है और यह भारत की महान आध्यात्मिक परंपराओं से संभव होता है। उन्होंने कहा कि भारत का निर्माण ऐसे युवाओं से होगा जो मानसिक रूप से शांत, सामाजिक रूप से जिम्मेदार और समाज के प्रति संवेदनशील हों। उन्होंने कहा कि मेडिटेशन और मानसिक स्वास्थ्य पर काम करने वाले केंद्र आने वाले समय में उपचार के बड़े केंद्र बनेंगे।
प्रधानमंत्री ने प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि आज इंसान ही नहीं, धरती मां को भी “नेचुरल हीलिंग” की जरूरत है। उन्होंने किसानों को प्राकृतिक खेती से जोड़ने के लिए और अधिक प्रयास करने का आह्वान किया। उन्होंने जल संरक्षण, बिजली बचाने और सिंगल यूज प्लास्टिक से दूरी बनाने की अपील करते हुए कहा कि यह केवल अभियान नहीं बल्कि जिम्मेदार और जागरूक जीवनशैली का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि ‘मिशन लाइफ’ भी एक प्रकार से “आर्ट ऑफ लिविंग” का ही प्रकट रूप है, जो प्रकृति के साथ संतुलन बनाकर चलने की प्रेरणा देता है।
आज पूरी दुनिया भारत के आध्यात्मिक मूल्यों से प्रभावितः प्रधानमंत्री
May 10 2026 10:15AM
5 मिनट का रीड
786448
27










