नई दिल्ली। दिल्ली के विवेक विहार इलाके में रविवार तड़के एक चार मंजिला रिहायशी इमारत में भीषण आग लगने से नौ लोगों की मौत हो गई। इस दर्दनाक हादसे पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और कॉर्पोरेट मामलों के राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा ने गहरा दुख व्यक्त किया है।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर अपनी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा, “दिल्ली के विवेक विहार में हुए भीषण अग्निकांड में जानमाल की हानि से मैं अत्यंत व्यथित हूं। इस दुख की घड़ी में मेरी संवेदनाएं पीड़ित परिवारों के साथ हैं। साथ ही, मैं इस हादसे में घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।”
वहीं, केंद्रीय मंत्री हर्ष मल्होत्रा ने जानकारी दी कि हादसे में मामूली रूप से घायल लोगों का इलाज जारी है। उन्होंने उम्मीद जताई कि सभी घायलों को आज शाम तक अस्पताल से छुट्टी मिल सकती है।
विवेक विहार अग्निकांड: नौ लोगों की मौत पर केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह और हर्ष मल्होत्रा ने जताया शोक











