फतेहाबाद : अध्यापक हुआ साइबर ठगी का शिकार, ब्यूटी प्रोडक्ट देने के नाम हजारों रुपये हड़पे
फतेहाबाद। साइबर ठगों ने फतेहाबाद के एक अध्यापक को अपना शिकार बनाते हुए ब्यूटी प्रोडक्ट की फ्रेंचाइजी देने के नाम पर हजारों रुपये ठगने का मामला सामने आया है। इस बारे बुधवार को साइबर थाना फतेहाबाद पुलिस ने केस दर्ज किया है। पुलिस को दी शिकायत में गांव भूथनकलां निवासी कृष्ण कुमार ने कहा है कि वह राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में अध्यापक है। 14 नवंबर को उसने फेसबुक पर सेंसर कम्पनी की ऐड देखी थी, जिसमें ब्यूटी प्रोडक्ट दिखाए गए थे। इस पर उसने ऐड पर दिए गए नंबर पर मैसेज किया। इसके बाद उससे रजिस्ट्रेशन के नाम पर उससे 9750 रुपये मांगे गए। उसने 14 नवंबर को अपने पेटीएम से बताए गए नंबर पर यह रुपये भेज दिए।
उसके बाद उक्त लोगों ने उसे व्हाट्सएप कॉल कर कहा कि उनकी जनरल मीटिंग होगी, जिसमें उसे सेंसर कम्पी की फ्रेंचाइजी दी जाएगी। उसके लिए हमें होटल बुक करना पड़ेगा, जिसका चार्ज उसे देना होगा। इस पर उसने उसी दिन 20 हजार रुपये ओर भेज दिए। इसके बाद उसे कहा गया कि उसे प्रोडक्ट की राशि भी अभी देनी पड़ेगी, जिस पर उसने 14500 रुपये भेज दिए। इसके बाद उन्होंने उसे एक प्रोडक्ट और भेजा और कहा कि इसके लिए 17499 रुपये देने होंगे। कृष्ण के अनुसार उसने 16 नवंबर को 17499 रुपये भी बताए गए नंबर पर ट्रांसफर कर दिए। इसके बाद भी उसे कोई प्रोडक्ट नहीं मिला तो उसने फोन किया तो उन्होंने उसका फोन उठाना भी बंद कर दिया और ब्लॉक कर दिया। इस पर उसे अपने साथ हुए साइबर फ्रॉड का पता चला। इस पर उसने इस बारे ऑनलाइन पोर्टल पर शिकायत दर्ज करवाई। कृष्ण ने आरोप लगाया कि अज्ञात ठगों ने ब्यूटी प्रोडक्ट देने के नाम पर उससे कुल 61,749 रुपये हड़प लिए हैं। इस मामले में साइबर थाना फतेहाबाद पुलिस ने अज्ञात ठगों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।












