logo

धोखाधड़ी के आरोपी की गिरफ्तारी के नाम पर डेढ लाख ठगे,बड़े पुलिस अफसरों से जान-पहचान की बात कही


फतेहाबाद, । धोखाधड़ी के मामले में आरोपी की गिरफ्तारी करवाने के चक्कर में बबनपुर का एक व्यक्ति डेढ़ लाख की ठगी का शिकार हो गया। एक व्यक्ति ने पुलिस के बड़े अफसर से जान-पहचान होने और आरोपी की गिरफ्तारी की बात कहकर उससे यह राशि हड़प ली। शुक्रवार को इस बारे पुलिस ने केस दर्ज किया है।

पुलिस को दी शिकायत में ढाणी बबनपुर निवासी मोहन सिंह ने कहा है कि उसकी 5 सितम्बर 2023 को टिब्बा कालोनी रतिया निवासी सोहन सिंह उर्फ राम सिंह के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज करवाया था, जिसमें आरोपी सोहन सिंह की गिरफ्तारी नहीं हो रही थी और वह छिपा हुआ था। 14 जनवरी 2024 को वह अपने चचेरे भाई गुरदीप व सिमरनजीत के साथ फतेहाबाद रोड पर खड़ा था तो उसे बलविन्द्र सिंह उर्फ बच्ची निवासी तामसपुरा मिला और कहा कि उसकी पुलिस में बड़े अफसरों से जान-पहचान है। वह बड़े अफसरों को कहकर सोहन सिंह को तीन दिन में गिरफ्तार करवा देगा लेकिन इसके लिए 1 लाख 50 हजार रुपये लगेंगे। मोहन ने कहा कि उसने बलविन्द्र की बातों पर विश्वास कर बड़े अफसरों से बात करने को कहा। अगले दिन बलविन्द्र ने उन्हें फतेहाबाद रोड पर पैट्रोल पम्प के पास बुलाया। बलविन्द्र ने कहा कि उसकी बड़े अफसर से बात हो गई है। अगर हमारा काम न हुआ तो पैसे वापस दिलवा दूंगा। इस पर उन्होंने बलविन्द्र को डेढ़ लाख रुपये दे दिए। इसके बाद भी जब 10-12 दिन गुजर गए और बलविन्द्र की गिरफ्तारी नहीं हुई तो उन्होंने बलविन्द्र से बात की और पैसे वापस मांगे तो बलविन्द्र ने पैसे लौटाने से इंकार कर दिया। मोहन ने आरोप लगाया कि बलविन्द्र सिंह उर्फ बच्ची ने धोखाधड़ी करके पुलिस के बड़े अफसरों का नाम लेकर उससे डेढ़ लाख रुपये हड़प लिए है। इस पर उसने इस बारे पुलिस को शिकायत दर्ज करवाई। इस मामले में पुलिस ने धोखाधड़ी का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Subscribe Now