BREAKING NEWS

दाह संस्कार से लौटते समय गहरे पानी में डूबा युवक

दाह संस्कार से लौटते समय गहरे पानी में डूबा युवक
मीरजापुर। उत्तर प्रदेश के मीरजापुर में कछवा थाना क्षेत्र के बरैनी गंगा घाट पर सोमवार शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया। दाह संस्कार के बाद गंगा स्नान करने गए वाराणसी के ठठरा गांव निवासी युवक की डूबकर मौत हो गई। अंधेरा होने के कारण रात तक उसका पता नहीं चल सका।

ठठरा गांव निवासी दिलीप कुमार (32) पुत्र झल्लन अपने मोहल्ले के 70 वर्षीय नक्खड़ हरिजन के अंतिम संस्कार में शामिल होने बरैनी गंगा घाट आया था। दाह संस्कार के बाद करीब पांच बजे सभी लोग स्नान कर रहे थे। इसी दौरान दिलीप पैर फिसलने से अचानक गहरे पानी की ओर खिंचता चला गया।

आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाते हुए बचाने की कोशिश की, लेकिन गंगा की तेज धारा में दिलीप पलक झपकते ही गहराई में समा गया। मौके पर अफरातफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।

सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और नाविक महात्मा निषाद के साथ जाल डालकर सर्च ऑपरेशन शुरू कराया। हालांकि अंधेरा बढ़ने के कारण तलाश कार्य रोकना पड़ा।

परिजन के मुताबिक दिलीप दो महीने पहले ही सूरत से छुट्टी लेकर घर आया था, जहां वह नौकरी करता था। अचानक हुए इस हादसे से परिजन और गांव वाले स्तब्ध हैं। प्रभारी निरीक्षक अमरजीत चौहान ने बताया कि मंगलवार की सुबह फिर से खोजबीन शुरू की गई है।

Subscribe Now