नोएडा। उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्धनगर जिले में नोएडा के विभिन्न जगहों पर दो अज्ञात लोगों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस आयुक्त के मीडिया प्रभारी ने बताया कि थाना सेक्टर 39 क्षेत्र के जिला अस्पताल के गेट पर एक युवक मूर्छित अवस्था में बीती रात को मिला। उसे अस्पताल में भर्ती करवाया गया। उसकी उम्र लगभग 25 वर्ष है। उपचार के दौरान शुक्रवार की सुबह उसकी मौत हो गई है। उन्होंने बताया कि आसपास के लोगों और सोशल मीडिया की सहायता से पुलिस शव की पहचान कराने का प्रयास कर रही है।
मीडिया प्रभारी ने बताया कि थाना सेक्टर 63 क्षेत्र के एफ- ब्लॉक में एक 35 वर्षीय अज्ञात व्यक्ति सड़क किनारे मूर्छित अवस्था में मिला। उसे किसी राहगीर ने नोएडा के जिला अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती करवाया। उपचार के दौरान शुक्रवार की सुबह उसकी मौत हो गई। उन्होंने बताया कि घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस मामले की जांच कर रही है। उन्होंने बताया कि पुलिस शव का पोस्टमार्टम रिपोर्ट करवा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारण का पता चलेगा। उन्होंने बताया कि पुलिस शव की पहचान कराने का प्रयास कर रही है।
नोएडा में अलग-अलग जगहों पर दो अज्ञात लोगों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत
May 15 2026 9:44AM
2 मिनट का रीड
242191
9











