BREAKING NEWS

logo

उत्तरी छत्तीसगढ़ में शीतलहर का असर ,अंबिकापुर का न्यूनतम तापमान 4.5 डिग्री सेल्सियस


रायपुर।छत्तीसगढ़ में उत्तरी हिस्से में शीतलहर का असर है। सरगुजा, जगदलपुर में सुबह के वक्त घना कोहरा है। सुबह के वक्त जगदलपुर-चित्रकोट मार्ग पर घना कोहरा छाया रहा, जिससे वाहन चालकों को खासा सतर्क रहना पड़ा।मौसम विज्ञान केंद्र रायपुर द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार अंबिकापुर संभाग में एक-दो स्थानों पर शीतलहर दर्ज की गई। प्रदेश में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 28.0 डिग्री सेल्सियस जगदलपुर में, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 4.5 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में रिकॉर्ड किया गया।

मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटों के दौरान प्रदेश का मौसम शुष्क रहने की संभावना है। वहीं अगले 3 दिन तक कड़ाके की ठंड और शीतलहर का प्रकोप बना रहेगा।उत्तर छत्तीसगढ़ के जिलों में एक-दो पाकेट में शीतलहर चल सकती है। इसके बाद अगले चार दिनों में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक क्रमिक वृद्धि होने की संभावना जताई गई है।

राजधानी रायपुर में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 27.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.6 डिग्री कम रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 13.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 0.6 डिग्री अधिक है। अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 4.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.7 डिग्री कम है। वहीं पेंड्रारोड में न्यूनतम तापमान 7.8 डिग्री, जगदलपुर में 9.6 डिग्री और राजनांदगांव में 10 डिग्री सेल्सियस रहा। बिलासपुर में न्यूनतम तापमान 11.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

Subscribe Now