फतेहाबाद : कबाड़ व्यापार में मुनाफे का झांसा देकर महिला से 70 लाख की ठगी
फतेहाबाद। कबाड़ व्यापार में मोटे मुनाफे का झांसा देकर महिला से 70 लाख की ठगी करने के मामले में कार्रवाई करते हुए थाना साइबर क्राइम फतेहाबाद पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान कमलेश शर्मा निवासी अहमदाबाद, गुजरात के रूप में हुई है। आरोपी अब देव ऋषि रेजिडेंसी सोसायटी, अहमदाबाद में रहता है। सोमवार को थाना साइबर फतेहाबाद प्रभारी निरीक्षक राहुल ने बताया कि साइबर पोर्टल पर प्राप्त शिकायत के आधार पर मामले की गहन जांच की गई। शिकायतकर्ता मीता गुप्ता पत्नी नीरज गुप्ता, निवासी प्रेम नगर, टोहाना ने अपनी शिकायत में बताया कि आरोपियों ने कबाड़ व्यापार में निवेश कर कम समय में अधिक लाभ दिलाने का लालच देकर शिकायतकर्ता को विश्वास में लिया।
जांच में सामने आया कि आरोपियों ने योजनाबद्ध तरीके से शिकायतकर्ता से लगभग 70 लाख रुपये विभिन्न बैंक खातों, आरटीजीएस, गूगल-पे तथा नकद के माध्यम से प्राप्त किए। प्रारंभ में कुछ राशि लौटाकर विश्वास कायम किया गया, जबकि बाद में भुगतान में टालमटोल करते हुए फर्जी बहानों के सहारे और धनराशि ऐंठी गई। प्राथमिक जांच एवं उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर थाना साइबर क्राइम फतेहाबाद में 21 दिसंबर को धोखाधड़ी के आरोप में मामला दर्ज किया गया था। इस मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।












