logo

सड़क दुर्घटना में महिला एएसआई की मौत, डीजीपी ने जताया दुख



उत्तरकाशी,। कांवड़ मेला ड्यूटी पर हरिद्वार जाते समय शनिवार को सड़क दुर्घटना में महिला एएसआई की मौत हो गई, जबकि एक महिला कांस्टेबल गंभीर रूप से घायल है। घायल महिला कांस्टेबल का अस्पताल में उपचार चल रहा है। इस दुर्घटना पर पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) अभिनव कुमार समते पूरी उत्तराखंड पुलिस टीम ने दुख जताया है।

उत्तराखंड पुलिस ने ऑफिशियल एक्स अकाउंट पर पोस्ट में लिखा, ''जनपद उत्तरकाशी में तैनात अपर उप निरीक्षक (एएसआई) कान्ता थापा के असामयिक निधन पर डीजीपी अभिनव कुमार सहित समस्त उत्तराखंड पुलिस बल दिवंगत आत्मा को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति गहन संवेदना व्यक्त करता है।''

उल्लेखनीय है कि बड़कोट उत्तरकाशी थाने में तैनात महिला एएसआई कांता थापा व देहरादून के कैंट थाने में नियुक्त महिला कांस्टेबल शकुंतला की ड्यूटी कांवड़ मेला हरिद्वार में लगी थी। शनिवार सुबह शकुंतला की स्कूटी से कांता भी हरिद्वार के लिए निकली थी। अजबपुर फ्लाईओवर पर पहुंचते ही स्कूटी को पीछे से आ रही तेज रफ्तार बस ने टक्कर मार दी। इससे स्कूटी सवार दोनों महिला पुलिसकर्मी सड़क पर गिर गईं। इस बीच एएसआई कांता का सिर बस के पिछले पहिया के नीचे आ गया। बस कुचलते हुए आगे निकल गई। इससे महिला एएसआई कांता थापा (58) पत्नी स्व. बृजमोहन निवासी वसुंधरा विहार थाना मुखानी जिला नैनीताल हाल पता आवासीय परिसर थाना कैंट की मौत हो गई। दुर्घटना में महिला कांस्टेबल शकुंतला को भी चोटें आईं। घायल महिला कांस्टेबल का कनिष्क अस्पताल में उपचार चल रहा है। चिकित्सकों ने उनके दाहिने हाथ में फैक्चर बताया है।

Subscribe Now