फतेहाबाद। साइबर ठगों ने फतेहाबाद के एक किसान से साढ़े 13 लाख रुपये हड़प लिए। किसान को जब अपने साथ हुई ठगी का पता चला तो उसने इस बारे में 1930 पर कॉल कर शिकायत दर्ज करवाई। मंगलवार को इस मामले में साइबर थाना फतेहाबाद में केस दर्ज किया गया है। पुलिस को दी शिकायत में परमवीर सिंह पुत्र हरदीप सिंह निवासी माजरा रोड, अशोक नगर फतेहाबाद ने कहा है कि वह ढाणी भीमा बस्ती फतेहाबाद में रहता है और खेतीबाड़ी का काम करता है। उसने संजू पुत्र गुरनाम सिंह जोकि अब अमेरिका में रहता है, उसकी भीमा बस्ती स्थित जमीन को ठेके पर लिया हुआ है। 25 नवंबर को उसके पिता हरदीप सिंह के मोबाइल पर व्हाटसए्प कॉल आई। फोन करने वाले ने अपना नाम संजू बताया और कहा कि उन्होंने उसकी जमीन ठेके पर ली हुई है। उसको रुपयों की आवश्यकता है और वह सुबह यह पैसे वापस लौटा देगा। इसके बाद उसने बैंक ऑफ महाराष्ट्र का खाता दिया और उसमें रुपये डालने के लिए कहा।
परमवीर ने कहा कि उसने अपने स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के खाते से दो लाख रुपये बताए गए खाते में ट्रांसफर कर दिए। इसके बाद उसने व उसके दोस्त ने अलग-अलग ट्रांजेक्शन में कुल 13 लाख 50 हजार रुपये उसके बैंक खाते में डाल दिए। परमवीर ने बताया कि उसने दोबारा से राशि की मांग की तो उसे कुछ संदेह हुआ और उसने राशि ट्रांफर नहीं की। बाद में उसे पता चला कि अज्ञात ठगों ने धोखाधड़ी करके उससे कुल 13 लाख 50 हजार रुपये हड़प लिए हैं। इस पर उसने तुरंत इस बारे में 1930 पर कॉल करके शिकायत दर्ज करवाई। इस मामले में अब साइबर थाना फतेहाबाद पुलिस ने अज्ञात ठग के खिलाफ धोखाधड़ी के आरोप में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।













