नई दिल्ली। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने गुरुवार को लोक नायक जय प्रकाश नारायण (एलएनजेपी) अस्पताल का दौरा किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने अस्पताल में मेडिकल जेनेटिक्स वार्ड, न्यूक्लिक एसिड टेस्टिंग लैब और स्तनपान प्रबंधन यूनिट जैसी तीन नई परियोजनाओं का उद्घाटन किया। मौके पर दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री पंकज कुमार सिंह भी मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री ने पत्रकारों से बातचीत में बताया कि आज एलएनजेपी अस्पताल में तीन नई परियोजनाओं का उद्घाटन किया। इसमें मेडिकल जेनेटिक्स वार्ड है। यह देश का चौथा और दिल्ली का पहला ऐसा वार्ड है। इस वार्ड में आनुवंशिक विकारों के साथ पैदा हुए बच्चों का इलाज किया जाएगा। डॉक्टर सिर्फ एक बूंद खून से आनुवंशिक विकार का पता लगा सकेंगे।
उन्होंने कहा कि न्यूक्लिक एसिड टेस्टिंग लैब में डोनर के खून की जांच दो दिन में हो सकेगी। पहले इसमें 45 दिन का समय लगता था।
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्तनपान प्रबंधन यूनिट में नवजातों के लिए दूध की व्यवस्था की जाएगी। इसमें माताओं को स्तनपान के दौरान मदद और समर्थन प्रदान किया जाएगा। यह यूनिट स्तनपान के बारे में ज्ञान, प्रशिक्षण और संसाधन प्रदान करेगी।
इस मौके पर स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विकसित दिल्ली के संकल्प को पूरा करने की दिशा में दिल्ली सरकार लगातार आगे बढ़ रही है। मरीजों को एलएनजेपी अस्पताल में बेहतर इलाज, अच्छी मेडिकल सुविधा अब उपलब्ध होगी। उन्होंने कहा कि जब हर नागरिक स्वस्थ होगा, तभी हमारा समाज और देश सशक्त बनेगा।
मुख्यमंत्री ने एलएनजेपी अस्पताल में तीन परियोजनाओं का उद्घाटन किया
