BREAKING NEWS

logo

खड़गपुर में युवा जागरूकता : स्मार्ट हेलमेट से बढ़ी सड़क सुरक्षा


खड़गपुर। वेलेंटाइन डे पर शहर में सिर्फ प्यार ही नहीं, बल्कि सुरक्षा और जिम्मेदारी का संदेश भी देखा गया। मेदिनीपुर जिला पुलिस और खड़गपुर ट्रैफिक गार्ड ने शनिवार सुबह 10 बजे से दो बजे तक जगन्नाथ मंदिर चौक के सामने एक अभिनव सामाजिक पहल शुरू की, जिसमें बाइक चालकों के हेलमेट को “स्मार्ट” बनाया गया।

इस पहल के तहत बाइक चालकों का रक्त परीक्षण कर उनका ब्लड ग्रुप हेलमेट पर अंकित किया गया। साथ ही हेलमेट पर परिवार के एक सदस्य का संपर्क नंबर भी दर्ज किया गया, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत सूचना दी जा सके।

खड़गपुर ट्रैफिक गार्ड के ओसी संगीत रॉय ने बताया कि अक्सर सड़क दुर्घटनाओं में घायल व्यक्ति की पहचान और रक्त समूह की जानकारी न होने के कारण इलाज में देरी होती है। इस पहल का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि दुर्घटना की स्थिति में मानव जीवन की सुरक्षा प्राथमिकता बने।

इस सामाजिक अभियान को युवा बाइक चालकों और स्थानीय लोगों ने सराहा। लोगों का मानना है कि यदि इसे व्यापक स्तर पर लागू किया जाए, तो सड़क दुर्घटनाओं में कई अनमोल जीवन बचाए जा सकते हैं।

संगीत रॉय ने आगे कहा कि यह पहल केवल ट्रैफिक नियमों के पालन तक सीमित नहीं है, बल्कि यह एक युवा जागरूकता और सामाजिक जिम्मेदारी की मिसाल है। भविष्य में ऐसे अभियानों को अन्य इलाकों में भी चरणबद्ध तरीके से लागू किया जाएगा।

ओसी संगीत रॉय की टीम और साथ ही ट्रैफिक इंस्पेक्टर खड़गपुर जयंता माझी ने वेलेंटाइन डे के मौके पर इस पहल ने यह संदेश दिया कि प्यार सिर्फ भावनाओं तक सीमित नहीं, बल्कि जीवन और सुरक्षा की जिम्मेदारी में भी प्रकट हो सकता है।

Subscribe Now