BREAKING NEWS

logo

मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के हेलीकॉप्टर के पास संदिग्ध ड्रोन उड़ाने मामले में तीन गिरफ्तार


मालदा। जिले के सामसी इलाके में तृणमूल सुप्रीमो ममता बनर्जी की चुनावी सभा के दौरान एक गंभीर सुरक्षा चूक का मामला सामने आया है। मुख्यमंत्री के हेलीकॉप्टर के सामने अचानक ड्रोन उड़ने से सभा स्थल पर हड़कंप मच गया। इस घटना में शामिल तीन युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, गिरफ्तार आरोपितों के नाम अंकित कुमार पासवान, श्रीकांत मंडल और नूर अख्तर है, जो बिहार के कटिहार जिले के निवासी बताए जा रहे है।

बताया जा रहा है कि शनिवार को सभा खत्म होने के बाद जब मुख्यमंत्री हेलीकॉप्टर में सवार हो रही थी, तभी उनके बेहद करीब एक ड्रोन उड़ता हुआ देखा गया। इसे देखते ही मुख्यमंत्री नाराज़ हो गईं और तुरंत सुरक्षा कर्मियों को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद पुलिस ने भीड़ में मौजूद तीन लोगों को ड्रोन के साथ हिरासत में लिया और बाद में उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

प्राथमिक जांच में सामने आया है कि आरोपित हरिश्चंद्रपुर में तृणमूल उम्मीदवार मोतिउर रहमान की चुनावी सभा में शामिल होने आए थे। हालांकि, इतने कड़े सुरक्षा घेरे के बावजूद उन्होंने किसकी अनुमति से और किस उद्देश्य से ड्रोन उड़ाया, इसकी जांच जारी है।

Subscribe Now