BREAKING NEWS

logo

बादुरिया में युवक की नृशंस हत्या, शव के टुकड़े तीन नहरों में फेंके


उतर 24 परगना। जिले के बादूरिया इलाके में एक युवक की हत्या कर उसके शव के टुकड़े कर तीन अलग-अलग नहरों में फेंकने का आरोप स्थानीय बीएलओ (बूथ लेवल ऑफिसर) और उसके एक सहयोगी पर लगा है। पुलिस ने नहरों से प्लास्टिक में पैक किए गए शव के अंग बरामद किए हैं। इस मामले में बीएलओ और उसके एक साथी को गिरफ्तार कर लिया गया है। मृतक की पहचान नासिर अली के रूप में हुई है। वह बादूरिया थाना अंतर्गत चातरा ग्राम पंचायत के पापिला गांव का निवासी था और स्थानीय स्तर पर तृणमूल कांग्रेस का कार्यकर्ता बताया जा रहा है। नासिर पिछले पांच दिनों से लापता था।

पुलिस की प्रारंभिक जांच के अनुसार, बीएलओ की पत्नी के साथ मृतक युवक के कथित संबंधों के चलते यह हत्या की गई। आरोप है कि एसआईआर (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन) से जुड़े कागजात दिखाने के बहाने युवक को बुलाया गया और फिर उसकी हत्या कर दी गई।

शनिवार सुबह पुलिस ने बताया कि जांच के दौरान पुलिस ने नासिर की मोटरसाइकिल बरामद की। बाद में पुलिस ने बीएलओ रिज़वान हसन मंडल को स्वरूपनगर के तेतुलिया इलाके से तथा उसके सहयोगी सागर गाइन को रामपुरहाट से गिरफ्तार कर पुलिस रिमांड में लिया। पूछताछ में आरोपितों ने हत्या की बात स्वीकार की, जिसके बाद उनकी निशानदेही पर शुक्रवार देर रात तीन नहरों से शव के टुकड़े बरामद किए गए। पुलिस आगे की जांच कर रही है।

Subscribe Now