BREAKING NEWS

logo

पश्चिम बंगाल: यूट्यूबर को गोमांस परोसने के आरोप में रेस्टोरेंट कर्मचारी गिरफ्तार


कोलकाता। कोलकाता पुलिस ने पार्क स्ट्रीट स्थित एक लोकप्रिय बार-कम-रेस्टोरेंट के एक कर्मचारी को यूट्यूबर सायक चक्रवर्ती को बकरी के मांस के बजाय गोमांस परोसने के आरोप में गिरफ्तार किया है।

यह गिरफ्तारी शनिवार को यूट्यूबर द्वारा पिछली रात पार्क स्ट्रीट पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराने के बाद की गई। कोलकाता पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि कोलकाता के पार्क स्ट्रीट स्थित एक लोकप्रिय रेस्टोरेंट/बार के एक कर्मचारी को एक यूट्यूबर को मटन के बजाय गोमांस परोसने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। यूट्यूबर ने पार्क स्ट्रीट पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई थी। 

आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच जारी है। सायक शुक्रवार रात अपने दो दोस्तों के साथ लोकप्रिय बार-कम-रेस्टोरेंट ओलीपब गए थे। उनकी शिकायत के अनुसार, उन्होंने मटन स्टेक का ऑर्डर दिया था, लेकिन उन्हें कथित तौर पर गोमांस परोसा गया। घटना के बाद, सायक ने वेटर और मैनेजर के साथ हुई अपनी कहासुनी का वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया। वीडियो वायरल हो गया। 

 फेसबुक वीडियो में सायक ने अपनी आपबीती सुनाई। उन्होंने बताया कि उन्होंने और उनके दोस्तों ने मटन ऑर्डर किया था, लेकिन वेटर ने उन्हें बीफ परोस दिया। वीडियो में सायक को यह कहते हुए सुना जा सकता है कि क्या आपको पता है कि मैं ब्राह्मण हूं? आप मुझे बीफ कैसे परोस सकते हैं? वीडियो में रेस्टोरेंट मैनेजर एक जगह मुस्कुराता हुआ दिखाई देता है। अभिनेता के दोस्त ने कहा कि यह हंसने की बात नहीं है। घटना के बाद, भाजपा ने रेस्टोरेंट की आलोचना और निंदा की।

 भाजपा नेता कीया घोष ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि एक जाने-माने ब्लॉगर, अभिनेता और उनके दोस्त पार्क स्ट्रीट स्थित ओलीपब नामक रेस्तरां में गए और मटन स्टेक का ऑर्डर दिया। लेकिन उन्हें बीफ स्टेक परोसा गया! वेटर बाद में मटन स्टेक लेकर लौटा और कहा कि यह गलती थी। बाद में, मैनेजर भी आया और मुस्कुराते हुए इसे गलती बताकर टालने की कोशिश की! हिंदुओं को ही आसान निशाना क्यों बनाया जा रहा है? सोचिए अगर किसी अन्य समुदाय को किसी अन्य प्रकार का मांस परोसा जाता तो कितना हंगामा होता।


Subscribe Now