logo

तृणमूल कांग्रेस की रैली में जय श्रीराम का उद्घोष करने पर दो युवकों की सामूहिक पिटाई


सिलीगुड़ी। सिलीगुड़ी के डाबग्राम–फुलबाड़ी इलाके के भवेश मोड़ से तृणमूल कांग्रेस की एक राजनीतिक रैली निकाली गई थी। रैली भवेश मोड़ से आशिघर की ओर बढ़ रही थी तभी अचानक दो युवकों ने रैली के बीच से “जय श्रीराम” का नारा लगा दिया। इसके बाद तृणमूल कांग्रेस की रैली से निकले कुछ युवकों ने उन दोनों पर हमला कर दिया। हमले में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। जिससे इलाके में भारी अफरा-तफरी मच गई।

घटना की सूचना मिलते ही डाबग्राम–फुलबाड़ी विधानसभा क्षेत्र की भाजपा विधायक शिखा चटर्जी भक्तिनगर थाना अंतर्गत आशिघर पुलिस आउटपोस्ट पहुंची। उन्होंने इस घटना का कड़ा विरोध करते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की।

विधायक शिखा चटर्जी ने कहा, एक लोकतांत्रिक देश में अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता है। राजनीतिक रैली के दौरान इस तरह आम युवकों पर हमला पूरी तरह अलोकतांत्रिक और निंदनीय है। इस घटना में शामिल लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए।

उन्होंने आगे कहा कि इलाके में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन की निष्पक्ष भूमिका बेहद जरूरी है और इस तरह की राजनीतिक हिंसा किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

घटना को लेकर इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है। पुलिस प्रशासन ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।

Subscribe Now