मिली जानकारी के मुताबिक, जलपाईगुड़ी विधानसभा सीट से तृणमूल उम्मीदवार कृष्ण दास के समर्थन में सोमवार को सिपाईपाड़ा बाजार से बोधनिमोड़ तक करीब पांच किलोमीटर इलाके में पोस्टर लगाए गए थे। लेकिन मंगलवार सुबह सभी पोस्टर फटे हुए सड़क पर पड़े मिले। इस घटना के विरोध में मंगलवार को तृणमूल कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने जलपाईगुड़ी-हल्दीबाड़ी राज्य सड़क को जाम कर प्रदर्शन किया।
करीब डेढ़ घंटे तक चले इस पथावरोध के कारण यातायात पूरी तरह बाधित रहा। बाद में पुलिस द्वारा उचित कार्रवाई का आश्वासन मिलने पर प्रदर्शनकारियों ने जाम हटा लिया।
घटना की सूचना पाकर मानिकगंज आउटपोस्ट की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। इलाके के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।
खारिजा बेरुबाड़ी-1 अंचल कमेटी के अध्यक्ष धनंजय राय ने आरोप लगाया कि भाजपा क्षेत्र में अशांति फैलाने की कोशिश कर रही ह। इस संबंध में पुलिस व चुनाव आयोग से शिकायत की गई है।
वहीं, भाजपा नेता सौमेन राय ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि पार्टी इस तरह के कार्यों में शामिल नहीं है। यह तृणमूल के आंतरिक विवाद का नतीजा हो सकता है।
जलपाईगुड़ी। तृणमूल कांग्रेस के चुनावी पोस्टर फाड़े जाने की घटना सामने आने से इलाके में तनाव फैल गया। तृणमूल का आरोप है कि अन्य पार्टियों के पोस्टर सुरक्षित रहे, जबकि उनके उम्मीदवार के पोस्टर को ही निशाना बनाया गया। इससे इलाके में राजनीतिक माहौल गरमा गया।













