सिलीगुड़ी। नक्सलबाड़ी के हाथीघिसा इलाके में एशियन हाईवे-2 पर गुरुवार तड़के लगातार तीन ट्रकों की टक्कर से बड़ा हादसा हो गया। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि एक ट्रक का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि सीमेंट लदा एक ट्रक सड़क पर पलट गया।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, सड़क किनारे खड़े सीमेंट लदे ट्रक को नक्सलबाड़ी की ओर जा रहे पत्थर से लदे एक ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर की तीव्रता इतनी अधिक थी कि खड़ा ट्रक आगे बढ़कर एक अन्य ट्रक से जा टकराया। इसके बाद सीमेंट लदा ट्रक सड़क पर पलट गया।
हादसे में पत्थर लदे ट्रक का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक ट्रक के केबिन में ही फंस गया। सूचना मिलते ही नक्सलबाड़ी थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। गैस कटर की मदद से ट्रक के अगले हिस्से को काटकर चालक को बाहर निकाला गया।
गंभीर रूप से घायल चालक को इलाज के लिए उत्तर बंगाल मेडिकल कॉलेज व अस्पताल भेजा गया है। पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है













