परिवार सूत्रों के अनुसार, सोमवार को सोहम सामान्य रूप से कोचिंग सेंटर गया था। वहां प्रार्थना में शामिल होने के बाद उसने दो कक्षाएं कीं और फिर दोपहर में कक्षा से बाहर चला गया। शाम होने पर भी काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर खोजबीन शुरू की गई। काफी तलाश के बाद कोचिंग सेंटर से करीब 200 मीटर दूर एक सुनसान बागान में पेड़ की डाल से फंदे के सहारे उसका शव लटकता हुआ स्थानीय लोगों ने देखा। सूचना मिलने पर परिवार के सदस्य मौके पर पहुंचे और बच्चे को इस हालत में देखकर स्तब्ध रह गए।
घटना की सूचना पाकर सांकरेल थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए झाड़ग्राम मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेज दिया।
स्थानीय लोगों ने बताया कि सोहम का घर जामशोला गांव में है और वह पाथरा में मामा के घर रहकर पढ़ाई करता था। परिवार के सदस्यों के अनुसार, सोहम मिलनसार और हंसमुख स्वभाव का था।
सोमवार देर शाम पुलिस ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मामला आत्महत्या का है या इसके पीछे कोई अन्य कारण छिपा है, इसकी हर पहलू से जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और आसपास के लोगों से पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
झाड़ग्राम। पाथरा क्षेत्र में एक पेड़ की डाल से फंदे के सहारे झूलता हुआ सातवीं कक्षा के छात्र का शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान सोहम महतो (13) के रूप में हुई है। वह पाथरा जयचंडी एससी हाई स्कूल का छात्र था। घटना से इलाके में शोक का माहौल है।












