हर वर्ष की तरह इस बार भी बोर्ड की दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए। सभी परीक्षा केंद्रों पर सुबह से ही पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई थी। परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो इसके लिए सुबह आठ बजे से ही विभिन्न ट्रैफिक बूथों पर पुलिस कर्मी तैनात रहे और छात्रों को परीक्षा केंद्र तक पहुंचाने में मदद की।
इस दौरान कुछ परीक्षार्थी गलती से दूसरे परीक्षा केंद्र पहुंच गए थे, जिन्हें ट्रैफिक पुलिस कर्मियों ने सही परीक्षा केंद्र तक पहुंचाया। परीक्षा के पहले दिन केंद्रों के बाहर अभिभावकों की भीड़ देखी गई। साथ ही परीक्षा केंद्रों के बाहर बोर्ड की ओर से जारी दिशा-निर्देशों को नोटिस के रूप में चिपकाया गया है।
दार्जिलिंग जिले के माध्यमिक बोर्ड के कन्वीनर सुप्रकाश राय ने बताया कि प्रशासन की ओर से सभी प्रकार का सहयोग किया जा रहा है। इस वर्ष सिलीगुड़ी में कुल 17,499 परीक्षार्थी माध्यमिक परीक्षा दे रहे हैं, जिनमें 7,510 छात्र और लगभग दस हजार छात्राएं शामिल है।
वहीं, परीक्षार्थियों का उत्साह बढ़ाने के लिए विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर पुलिस अधिकारियों को छात्रों को शुभकामनाएं देते हुए देखा गया। पुलिस की ओर से परीक्षार्थियों को चॉकलेट और पेन भी वितरित किए गए।
सिलीगुड़ी में निर्विघ्न रूप से शुरू हुई माध्यमिक परीक्षा, छात्रों में उत्साह
सिलीगुड़ी। आज से पूरे राज्य में माध्यमिक (10वीं) परीक्षा की शुरुआत हो गई है। सिलीगुड़ी के विभिन्न परीक्षा केंद्रों में भी सुबह से ही परीक्षा शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित तरीके से शुरू हुई।












