BREAKING NEWS

logo

राज्यसभा उम्मीदवार के तौर पर राहुल सिन्हा ने भरा नामांकन, विधानसभा में अध्यक्ष के समक्ष किया दाखिल


कोलकाता। पश्चिम बंगाल से राज्यसभा के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार राहुल सिन्हा ने गुरुवार को अपना नामांकन पत्र दाखिल कर दिया। भाजपा विधायकों की संख्या बल को देखते हुए उनका उच्च सदन में पहुंचना लगभग तय माना जा रहा है।

सूत्रों के अनुसार, वह विधानसभा पहुंचे और अध्यक्ष बिमान बनर्जी के समक्ष औपचारिक रूप से अपना नामांकन जमा किया।

नामांकन के बाद राहुल सिन्हा ने कहा कि उनकी उम्मीदवारी पार्टी के समर्पित कार्यकर्ताओं के लिए एक संदेश है कि संगठन के लिए निष्ठा और समर्पण के साथ काम करने वालों को उचित समय पर सम्मान और अवसर मिलता है। उन्होंने भरोसा जताया कि यदि वह राज्यसभा के लिए निर्वाचित होते हैं तो पश्चिम बंगाल से जुड़े विभिन्न मुद्दों को उच्च सदन में जोरदार तरीके से उठाएंगे।

उन्होंने कहा कि राज्य में कानून व्यवस्था, महिलाओं की सुरक्षा, युवाओं का अन्य राज्यों में पलायन, भ्रष्टाचार और जनसंख्या संरचना में बदलाव जैसे विषय गंभीर चिंता के मुद्दे हैं और वह इन सभी को संसद में प्रमुखता से उठाएंगे।

इससे पहले तृणमूल कांग्रेस ने भी आगामी राज्यसभा चुनाव के लिए अपने उम्मीदवारों की घोषणा की थी। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि विधानसभा में भाजपा की संख्या बल को देखते हुए राहुल सिन्हा की जीत सुनिश्चित मानी जा रही है, जिससे राज्यसभा में पार्टी की उपस्थिति और मजबूत होगी।

उल्लेखनीय है कि 10 राज्यों की 37 राज्यसभा सीटों पर होने वाले द्विवार्षिक चुनाव के तहत मतदान 16 मार्च को होगा और उसी दिन मतगणना भी की जाएगी। पश्चिम बंगाल में भी रिक्त हो रही पांच सीटों के लिए राजनीतिक सरगर्मी तेज है। 294 सीटों वाली पश्चिम बंगाल विधानसभा में विधायकों की संख्या बल के हिसाब से तृणमूल कांग्रेस के चार और भाजपा के एक व्यक्ति का राज्यसभा के लिए चुना जाना तय है।

Subscribe Now