कूचबिहार। कूचबिहार-माथाभांगा राज्य मार्ग पर गुरुवार सुबह ट्रक और बाइक की आमने-सामने टक्कर में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस और स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, यह हादसा फलिमारी ग्राम पंचायत के बाघमारा इलाके में हुआ। बताया जा रहा है कि माथाभांगा की ओर जा रहे एक ट्रक ने सामने से आ रही बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार दोनों युवक सड़क पर जा गिरे। एक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक बेहोशी की हालत में पड़ा मिला। स्थानीय लोगों ने तुरंत घायल युवक को बरामद कर एमजेएन मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।घटना की सूचना मिलते ही निशिगंज और टापुरहाट फाड़ी की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस हादसे के लिए जिम्मेदार ट्रक की पहचान करने में जुटी है। दुर्घटना के कारण कूचबिहार-माथाभांगा राज्य मार्ग पर कुछ समय के लिए यातायात बाधित रहा, जिसे बाद में पुलिस हस्तक्षेप के बाद सामान्य कर दिया गया। फलिमारी ग्राम पंचायत के प्रधान भोला बर्मन ने बताया कि मृतक और घायल युवकों की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है।













