logo

माध्यमिक परीक्षा के प्रश्नपत्र ले जा रही गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त


दक्षिण। दक्षिण 24 परगना के बसंती क्षेत्र में सोमवार सुबह माध्यमिक परीक्षा के प्रश्नपत्र ले जा रही एक गाड़ी दुर्घटना का शिकार हो गई। इस हादसे में एक महिला कांस्टेबल समेत दो पुलिसकर्मी घायल हो गए। हालांकि प्रशासन की तत्परता से प्रश्नपत्र समय पर परीक्षा केंद्र तक पहुंचा दिए गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बसंती थाना से प्रश्नपत्र लेकर परीक्षा केंद्र चड़ाविद्या रामकृष्ण विद्यामंदिर जा रही गाड़ी बसंती के आमझाड़ा बाजार के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों का दावा है कि अचानक वाहन का नियंत्रण बिगड़ जाने के कारण यह हादसा हुआ।

घायल पुलिसकर्मियों को तुरंत कैनिंग महकमा अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। अस्पताल सूत्रों के अनुसार, दोनों की हालत फिलहाल स्थिर बनी हुई है।दुर्घटना की सूचना मिलते ही बसंती थाने की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और क्षतिग्रस्त वाहन से सभी प्रश्नपत्रों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। इसके बाद वैकल्पिक व्यवस्था के तहत कड़ी सुरक्षा के बीच प्रश्नपत्रों को परीक्षा केंद्र तक पहुंचाया गया।

प्रशासन की सक्रियता के चलते प्रश्नपत्र पूरी तरह सुरक्षित रहे और समय पर परीक्षा केंद्र पहुंचने से परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा।

Subscribe Now