BREAKING NEWS

logo

पत्नी के अत्याचार से तंग आकर घर बुजुर्ग मां सहित घर छोड़ने को मजबूर हुआ पति, थाने में की शिकायत


जलपाईगुड़ी। जलपाईगुड़ी जिले के राजगंज में कथित तौर पर पत्नी के अत्याचार से तंग आकर पति और उसकी बुजुर्ग मां को घर छोड़ना पड़ा।

यह घटना राजगंज ब्लॉक के सुखानी ग्राम पंचायत के दुंदी पाड़ा गांव की है, जहां इस मामले को लेकर इलाके में काफी चर्चा हो रही है।

स्थानीय सूत्रों के अनुसार, दुंदी पाड़ा गांव के निवासी सायरुल हक अपनी मां के साथ रहते थे। साल 2023 में उनकी शादी हुई थी। सायरुल हक का आरोप है कि शादी के बाद से ही उनकी पत्नी उन पर और उनकी मां पर मानसिक और शारीरिक अत्याचार करने लगी।

इस मामले को लेकर कई बार पंचायत स्तर पर बैठक भी हुई। सुखानी ग्राम पंचायत की पहल पर समस्या सुलझाने की कोशिश की गई, लेकिन कोई स्थायी समाधान नहीं निकल पाया।

सायरुल हक का यह भी दावा है कि उनकी पत्नी ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी थी। यहां तक कि उन्हें जहर देकर मारने की साजिश रचने का भी आरोप लगाया गया है। अपनी जान के डर से सायरुल हक अपनी मां के साथ घर छोड़कर अलग रहने को मजबूर हैं। उन्होंने राजगंज थाने में अपनी पत्नी के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई है।

वहीं, इस मामले में आरोपित पत्नी से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उनकी कोई प्रतिक्रिया नहीं मिल पाई है।

इस संबंध में सुखानी ग्राम पंचायत के प्रधान परिमल राय ने बताया कि सायरुल हक की ओर से लिखित शिकायत मिलने के बाद कई बार बैठक कर मामले को सुलझाने की कोशिश की गई, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं हो पाया है।

फिलहाल शिकायत के आधार पर राजगंज थाने की पुलिस पूरे मामले की जांच शुरू कर चुकी है।

Subscribe Now