logo

पांशकुड़ा स्टेशन से 31 किलोग्राम गांजा बरामद,


पूर्व मेदिनीपुर। मेदिनीपुर जिले के पांशकुड़ा रेलवे स्टेशन से रेल पुलिस ने बड़ी मात्रा में गांजा बरामद किया है। मंगलवार रात जीआरपी ने स्टेशन परिसर से लगभग 31 किलोग्राम गांजा जब्त किया। इस मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, दो ट्रॉली बैग के अंदर कुल 29 पैकेटों में गांजा रखा गया था। स्टेशन पर ड्यूटी कर रहे रेल पुलिसकर्मियों को बैग संदिग्ध प्रतीत होने पर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान बैगों से भारी मात्रा में मादक पदार्थ बरामद हुआ, जिसके बाद उन्हें तत्काल जब्त कर लिया गया।

मंगलवार रात प्रेस कॉन्फ्रेंस कर खड़गपुर डिवीजन के जीआरपी के एसआरपी मितुन कुमार दे ने बताया कि मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। उससे पूछताछ कर पूरे गिरोह और मादक पदार्थ की तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाने का प्रयास किया जा रहा है।

पुलिस यह भी जांच कर रही है कि बरामद गांजा कहां से लाया गया था और इसे कहां भेजने की योजना थी। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपित को बुधवार को अदालत में पेश किया जाएगा और रिमांड पर लेकर पूछताछ की जाएगी। अधिकारियों के अनुसार, हाल के दिनों में गांजा तस्करी के मामलों में लगातार कार्रवाई की जा रही है और इस अवैध कारोबार पर रोक लगाने के लिए अभियान तेज किया गया है।

Subscribe Now