logo

लकड़ी के गोदाम में आग लगने से दो वेयरहाउस जलकर खाक


हावड़ा। जिले के आमता थाना अंतर्गत गगन मोड़ इलाके में सोमवार देर रात भयावह आग लगने से दो गोदाम पूरी तरह जलकर राख हो गए। आग की चपेट में एक लकड़ी का गोदाम और उसके बगल में स्थित इलेक्ट्रॉनिक सामान का गोदाम आ गया। गोदाम के सामने खड़ी एक चारपहिया वाहन भी आग में क्षतिग्रस्त हो गई। मंगलवार सुबह तक आग पूरी तरह नियंत्रित नहीं हो सकी थी।

स्थानीय सूत्रों के अनुसार, आमता से नारिट जाने वाली सड़क पर गगन मोड़ के पास स्थित लकड़ी के गोदाम में सोमवार रात अचानक आग लग गई। गोदाम में काफी मात्रा में लकड़ी जमा होने के कारण आग तेजी से फैल गई और पास के इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के गोदाम को भी अपनी चपेट में ले लिया। इस गोदाम में कई फ्रिज और एयर कंडीशनर रखे हुए थे, जो पूरी तरह नष्ट हो गए।

मिली जानकारी के अनुसार, आग की लपटें गोदाम के सामने खड़ी एक चारपहिया वाहन तक पहुंच गई, जिससे वाहन भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। इस हादसे में लकड़ी के गोदाम के मालिक के घायल होने की खबर है। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग और आमता थाना पुलिस को सूचित किया गया।

सूचना पाकर दमकल विभाग की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का काम शुरू किया। हावड़ा ग्रामीण पुलिस अधीक्षक सुविमल पाल सहित कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे। हालांकि आग लगने के कारणों का अब तक पता नहीं चल पाया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

मंगलवार सुबह उलुबेरिया उत्तर विधानसभा क्षेत्र के विधायक निर्मल माजी भी घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने पुलिस और दमकल अधिकारियों से बातचीत की।

विधायक ने बताया कि यह भयावह अग्निकांड दुर्घटना है या इसके पीछे कोई अन्य कारण है, इसकी जांच के लिए उन्होंने राज्य के लोक निर्माण मंत्री पुलक राय और जिले के पुलिस अधीक्षक सुविमल पाल से बात की है। विधायक ने फोरेंसिक टीम को बुलाकर मामले की गहन जांच कराने की मांग की है।

Subscribe Now