logo

चलती गाड़ी में लगी आग, बाल-बाल बचे चालक और खलासी


उत्तर दिनाजपुर। जिले के चोपड़ा के रंगागछ इलाके में एक बस में आग लगने की घटना सामने आई है। फूलबाड़ी की ओर जा रही एक चलती गाड़ी में अचानक आग लगने से राष्ट्रीय राजमार्ग के आसपास अफरा-तफरी मच गई। शुरुआती अनुमान के अनुसार, इस हादसे के पीछे यांत्रिक खराबी और अत्यधिक गर्मी जिम्मेदार हो सकती है।

स्थानीय सूत्रों के अनुसार, एक मालवाहक वाहन राख लेकर फूलबाड़ी स्थित एक सीमेंट फैक्ट्री की ओर जा रहा था। जैसे ही गाड़ी रंगागछ इलाके में उसका एक टायर फट गया। इसके तुरंत बाद इंजन के पास से आग की तेज लपटें उठने लगी। तेज धूप और आग की तीव्रता इतनी ज्यादा थी कि स्थानीय लोग चाहकर भी मदद के लिए पास नहीं जा सके।

घटना की सूचना मिलने पर इस्लामपुर फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हालांकि आग में गाड़ी का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। पुलिस के अनुसार, इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ है, क्योंकि चालक और खलासी समय रहते वाहन से बाहर निकलने में सफल रहे।

सुरक्षा के मद्देनजर राष्ट्रीय राजमार्ग के फोर-लेन के एक हिस्से पर कुछ समय के लिए यातायात रोक दिया गया था, जिससे सड़क पर लंबा जाम लग गया। आग बुझने और स्थिति सामान्य होने के बाद यातायात फिर से शुरू किया गया।

प्राथमिक जांच में पुलिस का मानना है कि टायर फटने के बाद घर्षण या शॉर्ट सर्किट के कारण यह हादसा हुआ है। फिलहाल पुलिस वाहन को जब्त कर मामले की जांच कर रही है।

Subscribe Now