BREAKING NEWS

logo

मेदिनीपुर : खेत के गड्ढे में गिरा हाथी शावक, वन विभाग ने बचाया


पश्चिम मेदिनीपुर। जिले के मेदिनीपुर सदर ब्लॉक अंतर्गत पिराकाटा रेंज के रंजा बीट इलाके में बुधवार तड़के एक रोमांचक और संवेदनशील बचाव अभियान देखने को मिला। मुसना गांव के समीप खेत के बीच स्थित एक गड्ढे में हाथी का एक शावक गिर गया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंगलवार देर रात करीब एक बजे शावक अपनी मां के साथ खेतों के रास्ते से गुजर रहा था। अंधेरा अधिक होने के कारण वह खेत के बीच मौजूद गहरे गड्ढे में जा गिरा। शावक के गिरते ही मां हाथी ने जोर-जोर से चिंघाड़ना शुरू कर दिया और उसे बाहर निकालने का प्रयास करने लगी। हाथी की तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीणों में दहशत फैल गई और लोगों ने तत्काल वन विभाग को सूचना दी।

सूचना मिलते ही पिराकाटा रेंज और रंजा बीट के वनकर्मी घटनास्थल पर पहुंच गए। हालांकि, मां हाथी कुएं के समीप ही खड़ी रही, जिससे शुरुआती चरण में बचाव कार्य शुरू करना जोखिमपूर्ण हो गया। वनकर्मियों ने सतर्कता बरतते हुए पहले मां हाथी को सुरक्षित दूरी पर हटाने की रणनीति अपनाई। इसके बाद रस्सियों और अस्थायी ढलान की सहायता से बचाव अभियान प्रारंभ किया गया।

करीब चार घंटे तक चले अभियान के बाद बुधवार सुबह लगभग पांच बजे वन विभाग और स्थानीय ग्रामीणों के संयुक्त प्रयास से शावक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। प्राथमिक जांच के बाद उसे उसकी मां के साथ सुरक्षित रूप से जंगल की ओर भेज दिया गया।

घटना के बाद वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि खेतों में खुले गड्ढों और कुओं को ढंकने की व्यवस्था करें, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से वन्यजीवों और लोगों की जान को खतरा न हो। इलाके में हाथियों की आवाजाही को देखते हुए विभाग ने निगरानी बढ़ाने की भी बात कही है।

Subscribe Now