पूर्व मेदिनीपुर। शनिवार सुबह भाजपा विधायक अशोक डिंडा अपने सहयोगियों और जिला भाजपा के कार्यकर्ताओं के साथ पार्टी कार्यकर्ता सुब्रत अधिकारी के घर पहुंचे। सुब्रत अधिकारी, जो मयना के 194 नंबर बूथ के सक्रिय भाजपा कार्यकर्ता थे, शुक्रवार को अपने घर के पास स्थित तालाब से मृत पाए गए थे। उनकी मौत से पूरे इलाके में शोक और सनसनी फैल गई थी।
पूर्व सांसद दिव्येंदु अधिकारी और मयना विधायक अशोक डिंडा ने मृतक के परिवार से मुलाकात की और परिजनों को ढांढस बंधाया। दोनों नेताओं ने पत्रकारों के कई सवालों के जवाब भी दिए।
अशोक डिंडा ने कहा कि भाजपा सुब्रत अधिकारी को न्याय दिलाने के लिए हर संभव प्रयास करेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि उन्हें पुलिस की कार्रवाई पर भरोसा नहीं है। डिंडा ने कहा, "हम 90 प्रतिशत सुनिश्चित हैं कि लकड़ी के बल्ली से घिरा तालाब में कोई बच्चा भी नहीं गिर सकता, तो हृष्ट-पुष्ट सुब्रत कैसे गिर सकता है। यह एक सोची-समझी हत्या है और हत्या करके शव तालाब में फेंक दिया गया है। पुलिस से अनुरोध है कि वे अंतिम 72 घंटे में सुब्रत कहां थे, उनके फोन की डिटेल्स निकालें, इससे पूरा सच सामने आ जाएगा।"
डिंडा ने यह भी कहा कि नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी ने परिवार को आर्थिक सहयोग दिया है। उन्होंने बताया, "हालांकि हम परिवार को वह सब कुछ नहीं दे सकते जो उन्होंने खोया है, लेकिन फिर भी जो कुछ संभव है, वह अवश्य करेंगे।"
"सुब्रत अधिकारी हमारे परिवार का अहम हिस्सा थे और हमारे सक्रिय कार्यकर्ता भी थे। दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। सड़क से सदन तक आंदोलन कर हम न्याय दिलाएंगे और पुलिस से निष्पक्ष जांच की मांग करते हैं।"
उल्लेखनीय है कि सुब्रत बीते रविवार शाम बलाइपांडा इलाके में आयोजित हनुमान पूजा देखने गए थे, लेकिन लौटकर नहीं आए। काफी खोजबीन के बाद उनका शव बरामद हुआ।
अशोक डिंडा ने मयना में कहा, सुब्रत की हत्या पूर्व नियोजित












