BREAKING NEWS

ईंधन और सीएनजी गैस की बढ़ती कीमतों के खिलाफ दुर्गापुर में कांग्रेस का प्रदर्शन

ईंधन और सीएनजी गैस की बढ़ती कीमतों के खिलाफ दुर्गापुर में कांग्रेस का प्रदर्शन
कोलकाता : पश्चिम बर्दवान जिला कांग्रेस के नेतृत्व में रविवार को दुर्गापुर में पेट्रोल, डीजल और सीएनजी गैस की बढ़ती कीमतों के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया। इस प्रदर्शन की अगुवाई जिला कांग्रेस अध्यक्ष देबेश चक्रवर्ती ने की।
सूत्रों के अनुसार, दुर्गापुर के बेनाचिति स्थित शहीद शेली घोष भवन से विरोध मार्च की शुरुआत हुई। इस दौरान देबेश चक्रवर्ती खुद रिक्शा चलाते हुए स्टील मार्केट, प्रांतिक क्षेत्र होते हुए पांचमाथा मोड़ के पास स्थित पेट्रोल पंप तक पहुंचे। उनके साथ बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और नेता मौजूद रहे।
प्रदर्शन के दौरान केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई। जिलाध्यक्ष ने आरोप लगाया कि चुनाव के दौरान जनता से ईंधन की कीमतों को लेकर बड़े-बड़े वादे किए गए थे, लेकिन चुनाव खत्म होते ही पेट्रोल, डीजल और गैस के दाम बढ़ा दिए गए।
उन्होंने कहा कि लगातार बढ़ती महंगाई के कारण आम लोगों के लिए घर चलाना मुश्किल होता जा रहा है। खाने-पीने की चीजों से लेकर रोजमर्रा के सामान तक के दाम बढ़ने से जनता पर आर्थिक बोझ बढ़ा है।
इस विरोध कार्यक्रम में जिले के विभिन्न ब्लॉकों के नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान कुछ लोगों ने कांग्रेस की नीतियों से प्रभावित होकर पार्टी की सदस्यता भी ग्रहण की, जिसमें पापिया खातून सहित कई लोग शामिल थे।

Subscribe Now