logo

बीजेपी ऑफिस में तोड़फोड़ का मामला, टीएमसी उम्मीदवार रत्ना चट्टोपाध्याय के खिलाफ केस दर्ज


कोलकाता। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव से पहले बेहाला पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में तनाव तब बढ़ गया, जब भाजपा के उम्मीदवार इंद्रनील खान ने आरोप लगाया कि तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के कार्यकर्ताओं ने पार्टी के चुनाव कार्यालय में तोड़फोड़ की। चुनाव आयोग के अनुसार, इंद्रनील खान की शिकायत पर रत्ना चट्टोपाध्याय के खिलाफ परनाश्री पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज हुई है।

भाजपा उम्मीदवार इंद्रनील खान ने आरोप लगाया है कि टीएमसी कार्यकर्ताओं ने भाजपा के बेहाला पश्चिम चुनाव कार्यालय परंश्री में तोड़फोड़ की। उन्होंने भाजपा नेताओं के साथ परनाश्री पुलिस स्टेशन पहुंचकर तोड़फोड़ करने वालों और घटना के समय मौके पर मौजूद कोलकाता पुलिस और सुरक्षाकर्मियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। 

 भाजपा उम्मीदवार ने आरोप लगाया कि बेहाला पश्चिम विधानसभा की टीएमसी उम्मीदवार और विधायक रत्ना चट्टोपाध्याय और उनके टीएमसी गुंडों ने भाजपा कार्यालय में तोड़फोड़ की। यह सब कोलकाता पुलिस अधिकारियों के सामने हुआ। उन्होंने भाजपा कार्यालय में तोड़फोड़ को संरक्षण दिया और सुनिश्चित किया। गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले में स्थित बेहाला पश्चिम एक महत्वपूर्ण विधानसभा क्षेत्र है। इस सीट से अखिल भारतीय तृणमूल कांग्रेस (एआईटीसी) से रत्ना चट्टोपाध्याय, भाजपा के इंद्रनील खान, सीपीआई (एम) से निहार भक्त और कांग्रेस से सैबल रॉय मैदान में हैं। 

 एक दिन पहले 5 अप्रैल को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कूच बिहार में रैली को संबोधित करते हुए तृणमूल कांग्रेस सरकार पर निशाना साधा था। इस दौरान उन्होंने कहा कि बंगाल 'शक्ति पूजा' की धरती है। मैं यहां आए सभी बहनों-बेटियों को, बंगाल की हर बहन-बेटियों से कहूंगा कि भाजपा आपके सम्मान और आपकी समृद्धि के लिए मैदान में है। अगर सत्ता में भाजपा आएगी तो महिलाओं के सच्चे सशक्तीकरण का रास्ता खोलेगी और यह हमारा ट्रैक रिकॉर्ड है। उन्होंने कहा कि 4 मई के बाद कानून अपना काम करेगा। अपराधी चाहे कितना भी प्रभावशाली क्यों न हो, इस बार न्याय की जीत होगी। वर्षों से बंगाल के लोगों की मेहनत की कमाई लूटी जा रही है।

 हर भ्रष्ट व्यक्ति को जवाबदेह ठहराया जाएगा और उसे जनता को लूटी गई संपत्ति लौटानी होगी। पश्चिम बंगाल सहित देशभर की बहनों को 2029 के लोकसभा चुनाव से ही इसका फायदा मिले, अब ये सुनिश्चित करने का प्रयास है। बंगाल में टीएमसी कानून-व्यवस्था को जड़ से उखाड़ फेंकने पर तली हुई है।

Subscribe Now