प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रविवार रात करीब साढ़े आठ बजे रवींद्र सरोवर थाना अंतर्गत कांकुलिया रोड पर कुछ बाहरी युवकों के आने के बाद अचानक हंगामा शुरू हो गया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि वे पिकनिक से लौट रहे थे, तभी दूसरे इलाके के युवकों ने इलाके में तोड़फोड़ शुरू कर दी। डर के कारण महिलाएं घरों के भीतर चली गईं। जब स्थानीय लोगों ने विरोध किया तो दोनों पक्षों के बीच जमकर ईंट-पत्थर चले। इस दौरान कई लोग ईंटों के हमले में घायल हुए। सोमवार सुबह सड़क पर खून के निशान भी देखे गए। आरोप है कि उपद्रवियों ने बम फेंके और गोलीबारी भी की, जिसमें उनके ही दो लोग घायल हो गए। मौके से गोली के खोखे और बम के टुकड़े बरामद किए गए हैं।
घटना की सूचना मिलते ही भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रण में लिया। इस दौरान उग्र भीड़ के एक हिस्से ने पुलिस वाहन पर हमला करने की कोशिश की। गुस्साई भीड़ ने कई बाइक और स्कूटरों में तोड़फोड़ भी की।
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है कि इलाके पर कब्जा जमाने के इरादे से कुख्यात अपराधी सोना पप्पू और उसके गिरोह ने इस घटना को अंजाम दिया। यह भी आरोप है कि उनका निशाना एक राजनीतिक पार्टी का कार्यालय था।
घटना की सूचना पाकर स्थानीय तृणमूल कांग्रेस पार्षद भी मौके पर पहुंचे और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया।
पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
कोलकाता। दक्षिण कोलकाता में स्थित गोलपार्क इलाके में रविवार रात दो गुटों के बीच हिंसक झड़प की घटना सामने आई है। पिकनिक को लेकर हुए विवाद ने देखते ही देखते उग्र रूप ले लिया। आरोप है कि इस दौरान बम फेंके गए और कम से कम एक राउंड गोली चलाई गई। घटना में दो लोग घायल हुए हैं।













