logo

बहराइच में तेंदुए के हमले से युवक घायल


बहराइच। उत्तर प्रदेश में जनपद बहराइच के कतर्निया घाट वन्य जीव प्रभाग अन्तर्गत मुर्तिहा इलाके में शनिवार को तेंदुए ने एक युवक पर हमला कर दिया। घायल युवक काे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

कोतवाली मुर्तिहा क्षेत्र के ग्राम पंचायत अमृतपुर निवासी मनोज अपने साथी कमलेश के साथ बाइक से बाजार गया था। घर वापस लौटते वक्त अमृतपुर चौराहे से लगभग साै मीटर पहले घात लगाए बैठे तेंदुए ने अचानक बाइक पर पीछे बैठे मनोज पर हमला कर दिया। तेंदुए के हमले से बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई और बाइक सवार दोनों युवक जमीन पर गिर पड़े। मनोज की चीख सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और हांका लगाकर तेंदुए को भगाया। ग्रामीणों की बढ़ती भीड़ देख तेंदुआ जंगल की तरफ भाग गया। तेंदुए के हमले में मनोज का दायां हाथ गम्भीर रूप से जख्मी हो गया। घटना के बाद परिजन मनोज को लेकर स्वास्थ्य केन्द्र पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया। फिलहाल जिला चिकित्सालय में मनोज का उपचार चल रहा है।

Subscribe Now