BREAKING NEWS

logo

युवती ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, परिवार में मचा कोहराम


मीरजापुर। उत्तर प्रदेश के जनपद मीरजापुर के ड्रमंडगंज थाना क्षेत्र के मड़वा धनावल गांव में शुक्रवार देर रात एक युवती ने संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना से गांव में सनसनी फैल गई और परिजन में कोहराम मच गया।

मड़वा धनावल गांव निवासी संतोष प्रसाद केशरी की 20 वर्षीय पुत्री रागिनी केशरी गुरुवार रात अपनी मां संगीता देवी और छोटे भाई अंकित के साथ भोजन करने के बाद अपने कमरे में सोने चली गई थी। शुक्रवार सुबह काफी देर तक जब कमरे का दरवाजा नहीं खुला तो भाई अंकित ने बहन को आवाज दी, लेकिन भीतर से कोई जवाब नहीं मिला।

आशंका होने पर भाई खपरैल के मकान की छत पर चढ़कर कमरे में झांका, जहां रागिनी बड़ेर में दुपट्टे के सहारे

फांसी पर लटकी हुई दिखाई दी। यह दृश्य देखकर भाई के होश उड़ गए और उसने तुरंत मां को सूचना दी। मां की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह दरवाजा खोलकर कमरे में दाखिल हुए। ग्रामीणों ने युवती को फंदे से नीचे उतारा, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

बताया गया कि मृतका के पिता संतोष प्रसाद केशरी घटना के समय परिवार के अन्य सदस्यों के साथ मैहर दर्शन-पूजन के लिए गए हुए थे। सूचना पर पहुंचे कार्यवाहक थानाध्यक्ष विनोद कुमार सिंह व एसआई मूलचंद वर्मा ने मौके पर पहुंचकर घटना की जांच-पड़ताल की। पुलिस की सूचना पर फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्हाेंने बताया कि युवती ने कच्चे मकान के भीतर बड़ेर में दुपट्टे से फांसी लगाकर जान दी है। मामले की जांच की जा रही है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

Subscribe Now