BREAKING NEWS

logo

पुलिस ने माफिया अनुपम दुबे के भाइयों समेत 6 को गैंगेस्टर में किया न्यायालय में पेश


फर्रुखाबाद। उत्तर प्रदेश के जनपद फर्रुखाबाद के माफिया अनुपम दुबे के भाई डब्बन, एवं बब्बन सहित 6 अपराधियाें को पुलिस ने अपर जिला सत्र न्यायालय में पेश किया। इस दौरान कचहरी में भारी पुलिस बल तैनात रहा। ठेकेदार शमीम व इंस्पेक्टर रामनिवास यादव हत्याकांड में आजीवन कारावास की सजा काट रहे फतेहगढ़ के मोहल्ला कसरट्टा निवासी अनुपम दुबे की मुश्किलें और बढ़ गई हैं। मऊदरवाजा थाना पुलिस ने उनके विरुद्ध गैंगस्टर एक्ट के तहत नई प्राथमिकी दर्ज की है।

इस मामले में माफिया अनुपम दुबे के अलावा उनके भाई व मोहम्मदाबाद ब्लॉक प्रमुख अमित दुबे उर्फ बब्बन, अनुराग दुबे उर्फ डब्बन, किलमापुर (मोहम्मदाबाद) निवासी धर्मेंद्र चतुर्वेदी, मैनपुरी के बिछवां निवासी आदेश सिंह, बेवर निवासी विनीत दुबे तथा शहर के मोहल्ला अल्लागंज बढ़पुर निवासी महेंद्र कटियार को नामजद किया है।

पुलिस ने गुरुवार दोपहर त्वरित कार्रवाई करते हुए कई आरोपियों को दबोच लिया। अमित दुबे उर्फ बब्बन को डीआईओएस कार्यालय के बाहर से, अनुराग दुबे उर्फ डब्बन को उनके आवास से तथा धर्मेंद्र चतुर्वेदी को किलमापुर से गिरफ्तार किया गया। इसके अतिरिक्त विनीत दुबे और महेंद्र कटियार को भी अलग-अलग स्थानों से गिरफ्तार किया गया। औपचारिकताएं पूरी करने के बाद आज न्यायालय में पेश किया गया।

बताया जा रहा है कि व्यापारी नेता मोहन अग्रवाल द्वारा डॉ. अनुपम दुबे सहित अन्य आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराए जाने के बाद पुलिस ने माफिया पर कार्यवाही शुरू की थी। पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने बताया कि गैंगस्टर एक्ट के तहत दर्ज मुकदमे में कार्यवाही की गई हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि अनुराग दुबे की गिरफ्तारी के दौरान सर्वोच्च न्यायालय द्वारा जारी सभी दिशानिर्देशों का पालन किया गया है। न्यायलय से अनुमति के बाद रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। इस सभी आरोपितों को अपर सत्र न्यायालय में पेश किया गया । पेशी के दौरान कचहरी छाबनी में तब्दील रही।

Subscribe Now