मीरजापुर। उत्तर प्रदेश के मीरजापुर जिले में हलिया थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात बाइक से बाजार जा रहे युवक की नहर में गिरने से मौत हो गई। मृतक युवक अपनी चचेरी बहन की शादी का सामान लेने रिश्तेदार के साथ जा रहा था।
बरडीहा कला गांव निवासी जगदीश (23) अपने चाचा रमेश की पुत्री की शादी समारोह में आए रिश्तेदार रामचंद्र की बाइक पर पीछे बैठकर सोठिया कला चौराहे पर शादी का सामान लेने बीती रात जा रहा था। बताया जा रहा है कि जैसे ही बाइक अदवा नहर के बरडीहा माइनर के पास राशन की दुकान के आगे पहुंची, अचानक सामने कुत्ता आ गया। कुत्ते को बचाने के प्रयास में बाइक अनियंत्रित हो गई और दोनों बाइक सवार माइनर में जा गिरे। हादसे में जगदीश के सिर में पत्थर से गंभीर चोट लग गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
करीब आधे घंटे बाद मौके पर पहुंचे परिजनों ने युवक को नहर से बाहर निकालकर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हलिया पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही उसकी मां सीता का रो-रोकर बेहाल हो गई।
मृतक तीन भाइयों में सबसे बड़ा था और अविवाहित था। इस हादसे से घर में शादी की खुशियां अचानक मातम में बदल गई।
थानाध्यक्ष राजीव कुमार श्रीवास्तव ने गुरुवार को बताया कि मृतक की मां की सूचना पर जांच-पड़ताल कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है।
शादी का सामान लेने जा रहे बाइक सवार युवक की नहर में गिरकर मौत
May 14 2026 7:52AM
2 मिनट का रीड
176867
13











