दरअसल विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के गोरक्षा प्रांत मंत्री लालमणि तिवारी ने खुल्दाबाद थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया कि रोशन बाग स्थित “नवाबी जायका” नामक दुकान पर अवैध रूप से गौमांस से खाद्य सामग्री तैयार की जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर छापेमारी की। जांच के दौरान मौके से मांस बरामद किया गया।
पुलिस के अनुसार, इस मामले में करेली थाना क्षेत्र के अकबरपुर निवासी मोहम्मद जैद, बहराइच के कैसरगंज निवासी पिज्जन, शाहगंज क्षेत्र के अयान तथा समसुल लंका के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया गया है। पूछताछ के आधार पर अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।
छापेमारी के दौरान मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने विरोध करते हुए हंगामा और धक्का-मुक्की की, जिसके बाद स्थिति को नियंत्रित करते हुए पुलिस ने कार्रवाई पूरी की। इस मामले को देखते हुए क्षेत्र में सतर्कता बढ़ा दी गई है।
इस संबंध में पुलिस उपायुक्त नगर मनीष कुमार शांडिल्य ने मंगलवार को बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर चार आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है। मामले की जांच की जा रही है और फरार अन्य व्यक्तियों की तलाश की जारी है।
प्रयागराज में फूड कोर्ट पर छापा, गौवंश अधिनियम में चार गिरफ्तार
प्रयागराज। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में स्थित खुल्दाबाद थाना क्षेत्र के रोशन बाग स्थित एक फूड कोर्ट में सोमवार की रात छापेमारी कर गौवंश अधिनियम सहित विभिन्न धाराओं में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। वहीं कुछ आरोपित मौके से फरार हो गए। पुलिस उनकी तलाश में जुट गई है।












