logo

ट्रेन की चपेट में आकर वृद्धा की मौत, ट्रैक पर मिला सिर कटा शव


मीरजापुर। उत्तर प्रदेश के मीरजापुर में चुनार कोतवाली क्षेत्र के जमुई अंडरपास पुलिया के पास सोमवार की सुबह रेलवे ट्रैक पर एक वृद्धा का सिर कटा शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सुबह टहलने निकले ग्रामीणों ने ट्रैक पर शव पड़ा देखा तो तत्काल पुलिस को सूचना दी।

मौके पर पहुंची चुनार पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। मृतका की पहचान 70 वर्षीय चनेरी देवी पत्नी लालव्रत यादव, निवासी विश्राम टोला अहरौरा के रूप में हुई। सूचना मिलने पर परिजन भी घटनास्थल पर पहुंच गए।

घटना को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि चनेरी देवी अहरौरा से चुनार क्षेत्र तक कैसे पहुंचीं और घटना किन परिस्थितियों में हुई। पुलिस प्रथम दृष्टया ट्रेन की चपेट में आने से मौत की आशंका जता रही है।

कोतवाल विजय शंकर सिंह का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की स्थिति पूरी तरह साफ हो सकेगी।

Subscribe Now