नोएडा। नाेएडा जिले के थाना बिसरख पुलिस ने पांच दिन की मासूम बच्ची को गोद दिलाने के नाम पर उसे बेचने के मामले में फरार चल रही अस्पताल की नर्स समेत दो लोगों को मंगलवार काे गिरफ्तार किया है। इस मामले में अस्पताल की मालकिन समेत तीन लोगाें की पूर्व में गिरफ्तारी हो चुकी हैं, स्वास्थ्य विभाग ने अस्पताल का लाइसेंस निरस्त कर दिया है।
पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह के जनसम्पर्क अधिकारी ने मंगलवार काे बताया कि 21 मार्च को चाइल्ड हेल्पलाइन के माध्यम से थाना एएचटी पर सूचना प्राप्त हुई थी कि थाना बिसरख क्षेत्र के अंतर्गत स्थित नवजीवन अस्पताल में कार्यरत कर्मचारियों ने एक बच्ची को गोद दिलाने के नाम पर 2 लाख 60 हजार रुपये की मांग की जा रही है। सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने अस्पताल की मालकिन सहित तीन लोगों को घटना वाले दिन गिरफ्तार किया था। इस मामले में अस्पताल की नर्स पुष्पा रानी और एक युवक अरुण कुमार फरार चल रहा था।उनकी तलाश में पुलिस की टीमें लगी थी। मंगलवार काे एक सूचना के बाद बिसरख थाना पुलिस ने नर्स पुष्पा और अभियुक्त अरुण काे गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
पांच दिन की बच्ची को गोद दिलाने के नाम पर बेचने वाली नर्स समेत दो गिरफ्तार












