उरई। जिले के एट कोतवाली क्षेत्र में लापता एक बच्चे का शव शनिवार सुबह तालाब में मिला। परिजनों ने बाइक सवार दंपत्ति पर बच्चे को टक्कर मारने के बाद इलाज के बहाने ले जाकर तालाब में फेंकने का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी।
कोतवाल पंकज पांडेय ने बताया कि कोतवाली क्षेत्र में रहने वाला सूर्यांश (07) शुक्रवार शाम को घर से कुछ दूरी पर खेल रहा था, तभी वह अचानक लापता हो गया। परिजनों ने आस-पास काफी तलाश की, लेकिन उसका कहीं पता नहीं चला। बच्चे की तलाश के दौरान उन्हें पता चला कि एक बाइक सवार दंपत्ति ने बच्चे को टक्कर मार दी थी और उनके द्वारा बच्चे को इलाज के बहाने ले जाया गया। परिजनों ने आस-पास के कई निजी और सरकारी अस्पतालों की जांच की, लेकिन सूर्यांश का कही कुछ पता नहीं चला।
शनिवार सुबह ग्रामीणों को गांव के बाहर स्थित एक तालाब में बच्चे का शव तैरता हुआ नजर आया। शव मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया और लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पाकर एट कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कोतवाल ने बताया कि पुलिस ने मौके पर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगालना शुरू कर दिया है परिजनों की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज किया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही हत्या के कारणों का खुलासा हो पाएगा। बच्चे के शरीर पर चोट के निशान मिले हैं।-
लापता बच्चे का शव तालाब में मिला, दंपत्ति पर अपहरण और हत्या का आरोप










.jpg)

