BREAKING NEWS

logo

होली में खलल डालने वालों पर पैनी नजर, होगी सख्त कार्रवाई : एसएसपी


बरेली। उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में होली से पूर्व कानून-व्यवस्था को लेकर पुलिस ने सख्त रुख अपना लिया है। सोमवार रात वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अनुराग आर्या ने गूगल मीट के जरिए जिले भर के मातहत अधिकारियों और थाना प्रभारियों के साथ मैराथन समीक्षा बैठक की। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि त्योहार के दौरान गड़बड़ी करने वालों के खिलाफ तुरंत और कठोर कार्रवाई की जाए। किसी भी सूरत में शांति व्यवस्था से समझौता न किया जाए।

बैठक में जिले में दर्ज अपराधों, लंबित विवेचनाओं और पुनर्विवेचना वाले मामलों की एक-एक कर समीक्षा की गई। एसएसपी ने पेंडिंग मामलों पर नाराजगी जताते हुए निर्देश दिए कि क्षेत्राधिकारियों की निगरानी में सभी लंबित विवेचनाओं का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। हर एफआईआर को ई-साक्ष्य ऐप से लिंक करने और लंबित एसआईडी को संबंधित एफआईआर से जोड़ने के निर्देश भी दिए गए, ताकि जांच प्रक्रिया में पारदर्शिता और तेजी लाई जा सके।

आगामी होली पर्व को देखते हुए सभी थाना प्रभारियों को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए गए। होलिका दहन स्थलों और जुलूस मार्गों का पूर्व निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता करने को कहा गया है। जिन इलाकों में पिछले वर्षों में विवाद या तनाव की स्थिति बनी थी, वहां विशेष सतर्कता और अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने के निर्देश दिए गए हैं।

डायल 112 पर आए पुराने इवेंट्स की भी समीक्षा होगी। संवेदनशील स्थानों को चिन्हित कर ड्यूटी चार्ट तैयार करने, क्लस्टर मोबाइल के माध्यम से लगातार गश्त करने और उच्चाधिकारियों को पल-पल की सूचना देने के आदेश दिए गए हैं।

एसएसपी ने दो टूक कहा कि होली उल्लास और सौहार्द के साथ मनाई जाएगी, लेकिन कानून हाथ में लेने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

Subscribe Now