सुलतानपुर। उत्तर प्रदेश के जिला सुलतानपुर में प्रेमिका की शादी अन्य जगह तय होने जाने से नाराज युवक ने उसके पिता की गोली मार कर हत्या की थी। क्राइम ब्रांच और जयसिंहपुर पुलिस ने इस मामले में देवरिया के एक युवक को गिरफ्तार किया है।
पुलिस प्रवक्ता ने मंगलवार को बताया कि देवरिया जिले के सलेमपुर थाना के ठोका वंशी गाँव निवासी आरोपित सौरभ पाण्डेय (28 ) को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। जयसिंहपुर के बेलगरा गांव निवासी विजय प्रताप सिंह पिछले तीन वर्षों से पैरालिसिस से पीड़ित थे। उन्होंने अपनी छोटी बेटी की शादी तय कर दी थी, जिसकी बारात 21 अप्रैल को आनी थी। आरोपी सौरभ पाण्डेय इसी बात से नाराज था। 11 अप्रैल की रात वह अपनी प्रेमिका (मृतक की बेटी) से मिलने उसके घर पहुंचा। घर के बाहर बरामदे में लेटे विजय प्रताप सिंह ने उसे पहचान लिया। इस पर सौरभ ने उनकी कनपटी पर सटाकर गोली मार दी।
घटना के समय मृतक की पत्नी तारा सिंह भी पास ही सो रही थीं। गोली की आवाज सुनकर वह जगीं और उन्होंने एक अज्ञात व्यक्ति को भागते हुए देखा। विजय प्रताप सिंह को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें लखनऊ रेफर कर दिया। हालांकि, लखनऊ ले जाते समय उन्होंने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।
मृतक विजय प्रताप सिंह के तीन बेटे और दो बेटियां हैं। उनके बड़े बेटे अंकुर सिंह कानपुर जनपद में उप निरीक्षक के पद पर तैनात हैं। अन्य बेटों में आकाश सिंह और विकास सिंह शामिल हैं। उनकी दो बेटियों में से गुंजा सिंह विवाहित हैं, जबकि सोनम सिंह की शादी 21 अप्रैल को होनी थी। इस घटना से परिवार में शोक का माहौल है।
प्रेमिका की शादी तय होने से नाराज युवक ने की थी लड़की के पिता की हत्या












