बलिया। बलिया में बहुप्रतीक्षित मेडिकल बाईपास का सपना साकार होने जा रहा है। डीएम एमपी सिंह ने गुरुवार को स्थलीय निरीक्षण कर भूमि अधिग्रहण तेज करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने गुरुवार को एनएच 31 के माल्देपुर मोड़ से हैबतपुर होते हुए जिला महिला अस्पताल तक बनने वाले मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया। इस परियोजना की कुल लागत 35.23 करोड़ रुपये निर्धारित की गई है। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि मार्ग के चौड़ीकरण एवं सुंदरीकरण कार्य में तेजी लाई जाए।
डीएम ने भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया को शीघ्र शुरू करने के निर्देश देते हुए कहा कि मार्ग की लंबाई और चौड़ाई का सही माप लिया जाए तथा किसानों से संवाद स्थापित कर एलाइनमेंट तय किया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि कितने किसान प्रभावित होंगे, कितनी भूमि का अधिग्रहण होगा और कितने काश्तकार इसमें शामिल हैं। इन सभी बिंदुओं की रिपोर्ट एक सप्ताह के भीतर तैयार की जाए। इसके साथ ही सीमांकन कार्य जल्द पूरा करने और अतिक्रमण चिन्हित कर लाल निशान लगाने के निर्देश भी उन्होंने दिए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी आवश्यक कार्रवाई समयबद्ध तरीके से पूरी की जाए ताकि परियोजना में किसी प्रकार की देरी न हो। यह बाईपास कॉरिडोर बनने से शहर में यातायात व्यवस्था सुगम होने के साथ ही चिकित्सा सेवाओं तक पहुंच और बेहतर होगी। निरीक्षण में सीआरओ त्रिभुवन, एसडीएम सदर तिमराज सिंह, अधिशासी अभियंता पीडब्ल्यूडी एवं अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।













