मूलरूप से बहराइच जिले की रहने वाली युवती सीमा दिल्ली में एक शॉपिंग मॉल में काम करती थी, जहां उसकी मुलाकात अमेठी के मोचवा गांव निवासी मोहित विश्वकर्मा से हुई। दोनों के बीच धीरे-धीरे नजदीकियां बढ़ीं और प्रेम संबंध स्थापित हो गया। युवती का आरोप है कि मोहित ने शादी का वादा कर उसे अपने साथ रखा। दोनों बिना शादी के पति-पत्नी की तरह रहने लगे। इस दौरान वह दो बार गर्भवती हुई, लेकिन आरोपित ने दवा खिलाकर उसका गर्भपात करा दिया। युवती ने आरोप लगाया कि आरोपित ने उससे करीब एक लाख रुपये लिए, जिसमें 46 हजार रुपये नकद भी शामिल हैं। इसके अलावा उसका एटीएम कार्ड, चांदी के जेवर और अन्य सामान भी अपने पास रख लिया। 12 अप्रैल को आरोपित उसे दिल्ली में छोड़कर चुपके से अपने गांव लौट आया। बाद में उसे जानकारी हुई कि मोहित की शादी 2 मई को तय है।
शादी की जानकारी मिलते ही युवती दिल्ली से अमेठी पहुंच गई और आरोपित के घर मोचवा गांव में तीन दिन तक रुकी रही। आरोप है कि बाद में युवक के परिजनों ने उसे घर से भगा दिया। साथ ही परिजनों ने युवक को भी वहां से हटा दिया। युवती ने अमेठी कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई, लेकिन कार्रवाई न होने का आरोप लगाते हुए वह गौरीगंज स्थित पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंची और प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है। युवती का कहना है कि आरोपित उसके साथ ऐसा करने के बाद दूसरी शादी नहीं कर सकता। उसने चेतावनी दी है कि यदि आरोपित उससे शादी नहीं करता है तो वह आत्मघाती कदम उठा सकती है।
इस संबंध में अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञानेंद्र कुमार सिंह ने बुधवार को बताया कि 21 अप्रैल को थाना अमेठी पर दिल्ली निवासी युवती ने प्रार्थना पत्र दिया है। प्रथम दृष्टया मामला आपसी संबंध एवं लिव-इन रिलेशनशिप से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। प्रार्थना पत्र के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
लड़के की शादी रुकवाने नई दिल्ली से अमेठी पहुंची युवती
अमेठी। उत्तर प्रदेश में जनपद अमेठी की कोतवाली क्षेत्र के मोचवा गांव से जुड़ा एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक युवती ने युवक पर शादी का झांसा देकर शारीरिक व आर्थिक शोषण करने का आरोप लगाया है। युवती दिल्ली से अमेठी पहुंचकर आरोपित की शादी रुकवाने की मांग कर रही है। इस मामले में अमेठी पुलिस जांच तथा आवश्यक वैधानिक कार्रवाई में जुटी हुई है।












