BREAKING NEWS

logo

गोदाम में आग से लाखों का नुकसान


हरिद्वार। कनखल थाने के समीप स्थित गीता टेंट हाउस के गोदाम में गुरुवार देर रात भीषण आग लगने से क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। गोदाम से उठती ऊंची लपटों और घने धुएं को देखकर आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट को आग लगने का संभावित कारण बताया जा रहा है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार देर रात अचानक गोदाम से धुआं निकलता दिखाई दिया और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। स्थानीय लोगों ने अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी। इसके बाद फायर स्टेशन मायापुर को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही मायापुर फायर स्टेशन से दमकल की एक यूनिट तत्काल मौके पर रवाना हुई। आग की गंभीरता को देखते हुए दो अतिरिक्त फायर यूनिट और बुलानी पड़ीं। करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। दमकल कर्मियों ने आग को फैलने से रोककर आसपास की दुकानों और मकानों को सुरक्षित बचा लिया।

इस अग्निकांड में टेंट, कपड़े, सजावटी सामग्री और अन्य उपकरण पूरी तरह जलकर राख हो गए। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। राहत की बात यह रही कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।

सीएफओ वंश बहादुर यादव ने बताया कि कंट्रोल रूम को देर रात सूचना मिली थी, जिसके बाद तत्काल कार्रवाई की गई। आग लगने के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।

Subscribe Now